Spread the love

मंडी। सुंदरनगर के पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने कहा है कि सुंदरनगर का सम्पूर्ण विकास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र का उप चुनाव परिणाम देश व प्रदेश की राजनीति की दिशा व दशा को बदलेगा। वे सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार में विभिन्न जनसभाओं को सम्बोधित कर रहे थे।

ठाकुर ने कहा कि उन्हें उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि कांग्रेस इस सीट को भारी बहुमत से जीतेगी।सोहन लाल ने कहा कि निहरी में कॉलेज, तहसील और सब्जी मंडी कांग्रेस शासन में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की ही देन है। इसके अतिरिक्त सुंदरनगर विधानसभा का सम्पूर्ण विकास केवल वीरभद्र सिंह की ही देन है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश वीरभद्र सिंह का ऋणी है और सभी को उनका यह ऋण चुकाना है। सोहन लाल ठाकुर ने भाजपा पर झूठ बोलकर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने हमेशा ही क्षेत्रवाद की राजनीति कर समाज को बांटने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जब भी प्रदेश के किसी क्षेत्र के दौरे पर जाते थे और इस दौरान जब कोई घोषणा करते थे वह हर हाल में पूरी होती थी।
सोहन लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह कभी अपने को धरती पुत्र तो कभी ठेठ सराजी कह कर लोगों को मंडी का वास्ता देकर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी के दो विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ कर कहीं भी विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से प्रतिभा सिंह को भारी मतों से जिताने और वीरभद्र सिंह का कर्ज चुकाने का आग्रह किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *