Spread the love

मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र उनकी व उनके परिवार की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, उनका प्यार, आशीर्वाद आज भी उनका मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने इस चुनाव क्षेत्र का सांसद के तौर पर चार बार प्रतिनिधित्व किया, जबकि प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने छह बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर लोगों के दिलों में एक विशेष जगह बनाई। उनके निधन से उन्हें ही नहीं, पूरे प्रदेश को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई असंभव है। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनकी स्व. वीरभद्र सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वे सोमवार को मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र के नाड़ी, जाछ, चैलचौक, हटगढ़, महादेव व छत्र में अपनी चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित रहे थे। 

प्रतिभा सिंह ने देश व प्रदेश की भाजपा सरकारों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आज इनकी नीतियों से पूरा देश विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। एक तरफ बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी ने जहां आम लोगों का जीना दूभर कर दिया है, वहीं लोकतंत्र की मर्यादाओं का चीर हरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से देश व प्रदेश को मुक्ति दिलाने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों के लिए एकजुटता से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता कृषि के तीन नए काले कानूनों के विरोध में एक साल से सड़कों पर बैठा है। बड़े दुख की बात है कि केंद्र की मोदी सरकार आंखें बंद कर खामोश बेठी है और आंदोलनरत किसानों से बात तक नहीं कर रही है। प्रदेश सरकार के कामकाज की आलोचना करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने से मंडी जिला को उनसे बहुत सी उम्मीदें थी, लेकिन वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की अंतर्कलह से सभी लोग वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन  से विकास का दावा करने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार का दावा पूरी तरह हवा हवाई साबित हुआ है। केंद्र से प्रदेश को कोई भी मदद नहीं मिल रही है, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  भी प्रदेश से हैं और एक कैबिनेट मंत्री भी सत्ता का सुख भोग रहे हैं।
प्रतिभा सिंह ने लोगों से उन्हें वोट देने और विजयी बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि वह केंद्र से प्रदेश की आवाज को प्रमुखता से उठाते हुए इस क्षेत्र के विकास की लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने स्व. वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए पथ पर चलते हुए हमें इस प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों पर आगे बढ़ाना है और उनके बाकी बचे सपनो को पूरा करना है। इस दौरान उनके साथ कौल सिंह ठाकुर, गंगू राम मुसाफिर, प्रकाश चौधरी, टेकचंद डोगरा, बम्बर सिंह ठाकुर, नीलमणि ठाकुर, सीमा चंदेल, लाल सिंह कौशल, संजू डोगरा, हीरा सिंह, सहित सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
पूर्व मंत्री व कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उसने सत्ता में आने के लिए झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की नीतियों व निर्णयों से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सत्ता से विदाई का समय आ गया है। नाचन विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सिंह के साथ चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रकाश चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपना कोई भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि मंडी उप चुनाव कांग्रेस की प्रतिष्ठा का सवाल है और उसे पार्टी को भारी बहुमत से जितना है। उन्होंने कहा कि आज हमारे बीच हमारे लोकप्रिय नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नहीं है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि हमें वीरभद्र सिंह के ऋण को चुकाना है। इसके लिए हमें प्रतिभा सिंह को जिताकर उन्हें लोकसभा में भेजना है, जिससे प्रदेश की आवाज प्रमुखता से उठे। उन्होंने लोगों से एकजुटता के साथ पार्टी की मजबूती के लिए आगे आने को कहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *