Spread the love

सांगला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना जैसे संकट काल में भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व मिला। नरेंद्र मोदी और मजबूत होने चाहिए। अगर हम चाहते हैं कि भारत को ऐसा ही नेतृत्व मिले, जो देश को मजबूती दे तो मंडी के सांसद के रूप में ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को दिल्ली भेजना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि आप लोग इस चुनाव में भाजपा को बहुत बड़ी बढ़त देंगे। वे शनिवार को किन्नौर जिले के सांगला में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के सेब की अलग पहचान बन सके इसके लिए केंद्र की मदद से किन्नौर के लिए 50 करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया हुआ है। उन्होंने कहा कि किन्नौर का शॉल, टॉपी, मफलर, वूलन की पट्टी किन्नौर में आय का बहुत बड़ा साधन है। वे चाहते हैं कि पर्यटन की दृष्टि से किन्नौर को और आगे बढ़ाएं। इसके लिए सरकार ने हिमाचल की ओर से केंद्र को एक प्रोजेक्ट मंजूरी के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के लिए एडीबी की ओर से 1900 करोड़ का प्रोजेक्ट हमने स्वीकृत किया है, जिसका बहुत बड़ा हिस्सा लाहौल-स्पीति और किन्नौर पर खर्च होगा। मुख्यमंत्री ने किन्नौर की जनता से अपील करते हुए कहा कि आप लोग मतदान जरूर करना। मुझे पूरा भरोसा है कि अगली बार किन्नौर से भाजपा के विधायक हिमाचल विधानसभा में होंगे और अबकी बार लोकसभा के इस उपचुनाव में भाजपा की लीड भी अधिक होगी। उन्होंने 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग सहानुभूति की बातें करेंगे, हम भी उनके प्रति सहानुभूति रखते हैं, लेकिन जरूरत नरेंद्र मोदी को मजबूत करने की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी मजबूत तभी होंगे जब खुशाल ठाकुर सांसद के रूप में दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब किन्नौर आ रहा था तो चुनाव की घोषणा हो गई और आचार संहिता लग गई। रास्ते से ही वापिस जाना पड़ा। किन्नौर में इतनी देरी से आने का एक कारण कोरोना भी बना। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहाड़ पर जिंदगी उतरने चढ़ने में गुजर जाती है, किन्नौर जिले के लोग वहां अपना जीवन जीते हैं। वे भी आप लोगों की परिस्थितियों से अच्छी तरह से वाकिफ हैं, क्योंकि उनका क्षेत्र भी इसी प्रकार का है। उनके गांव की ऊंचाई साढ़े सात हजार फीट है। घर से स्कूल जाने और आने के लिए कुल 18 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आजकल किन्नौर में सेब का सीजन भी चला हुआ है। किन्नौरी सेब हमारी इकोनॉमी में बहुत बड़ा योगदान देता है। वहीं, आजकल किन्नौर में शादियों का सीजन भी चला हुआ है। इन सब के बीच उनका भी चुनावी सीजन चल रहा है। इसलिए उनका सबसे निवेदन है कि सेब का सीजन भी लगाइए, शादी का सीजन भी लगाइए लेकिन हमारे सीजन का भी ख्याल रखिए। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट से वीरभद्र सिंह, महेश्वर सिंह, प्रतिभा सिंह जैसे कई बड़े नेता सांसद के रूप में जीते, लेकिन रामस्वरूप जैसे बड़े अंतर से कोई नहीं जीता। आज आपके सामने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर जैसे ईमानदार नेता को लाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि शुक्रवार को मंडी में नोमिनेशन के बाद एक सभा में कुछ लोग बोल रहे थे कि आदमी तो अच्छा है, पर एक सैनिक राजनीति को क्या समझेगा। उनको एक बात समझनी चाहिए कि जो देश की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करता है, ऐसे लोगों की आज की राजनीति में सबसे ज्यादा जरूरत है। जिस सैनिक ने कारगिल की विजय हासिल की है उस सैनिक के लिए मंडी की विजय हासिल करने के लिए हम सब आपके बीच आए हैं। मुख्यमंत्री ने किन्नौर से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे यहां से विधायक के बारे में ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि कई बार विधायक के शब्दों पर संयम नहीं रहता। यह देवभूमि की संस्कृति नहीं हो सकती। चाहे वो विधानसभा की बात हो या बाहर की बात हो वो हमेशा इसी तरह की बात करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हुआ, आज कोई दुश्मन भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता – खुशाल ठाकुर 
मंडी संसदीय सीट के भाजपा उम्मीदवार खुशाल सिंह ठाकुर ने कहा कि वे इस क्षेत्र की समस्याओं को अच्छी तरह से समझते हैं और सांसद चुन लिए जाने के बाद यहां के लोगों की जरूरतों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है। किन्नौर की सीमा चीन के साथ लगती है। एक फौजी होने के नाते वे अच्छी तरह से जानता हैं कि देश का सामरिक रूप से ताकतवर होना कितना जरूरी है। उन्हें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत इतना मजबूत हुआ है कि आज कोई दुश्मन भारत की ओर आंख उठाकर भी नहीं देख सकता। 
खुशाल ठाकुर ने कहा कि देश की सीमाएं ही सुरक्षित नहीं हुई हैं, बल्कि देश के अंदर भी आज हालात बेहतर हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब कोरोना का दौर आया तो पूरी दुनिया घुटनों पर आ गई, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना का डटकर मुकाबला किया गया और लाखों लोगों की जिंदगियां बचाई गईं। उन्होंने कहा कि यह भी गौरव की बात है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के वैज्ञानिकों ने रिकॉर्ड समय में वैक्सीन विकसित की। फिर इसे सभी को मुफ्त में देने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज पूरे हिमाचल का बिना भेदभाव और बिना पक्षपात के विकास कर रहे हैं, उसी तरह वे भी वादा करते हैं कि अपने पूरे संसदीय क्षेत्र का एक समान प्रतिनिधित्व करेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *