शिमला।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस आपदा सैल ने सरकार से मांग की है कि देशव्यापी कर्फ़्यू के चलते उन लोगों को अपने-अपने घरों में आने-जाने की कोई एक विशेष व्यवस्था की जाए, क्योंकि इसके चलते अनेक स्थानों में लोग फंसे हुए हैं। इसमें अधिकतर श्रमिक, मजदूर व कुछ बच्चे हैं, जो पढ़ने के लिए गेस्ट हाउस में रहते हैं।
आपदा सैल के समन्वयक हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि उन्हें प्रदेश के बाहर व प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से इन लोगों की दुःखी फरियाद मिल रही है कि उन्हें अपने-अपने घरों तक पहुंचाने में मदद की जाए। यह लोग मजबूरी में ऐसे फंसे हैं कि आवागमन के सभी साधन बन्द होने की वजह से बेबस हैं। उनका कहना है कि एक तरफ उन्हें घर की चिंता सता रही है तो दूसरे उनके घर वाले भी उन्हें लेकर परेशानी में है। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह से असमर्थ और बेबस हो चले हैं।
हिमराल ने प्रदेश सरकार से मांग कि है कि मानवीय आधार पर विशेष बसों के द्वारा इन लोगों को जो प्रदेश के बाहर के हैं उन्हें प्रदेश की सीमा तक और जो प्रदेश के ही हैं, उन्हें अपने-अपने घरों तक विशेष बसों को सेनेटाइज कर निशुल्क पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने भी ऐसे ही विशेष व्यवस्था उन लोगों के लिए की है जो इस कर्फ़्यू के चलते फंसे पड़े हैं।उन्होंने राजस्थान सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा कदम हिमाचल प्रदेश सरकार को भी तुरंत उठाना चाहिए।
हिमराल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस इस आपदा की घड़ी में लोगों की सहायता के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस महामारी को लेकर बहुत ही संवेदनशील है और अपने स्तर पर लोगों की सहायता कर रही है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि उन्हें अनावश्यक चिन्ता नहीं करनी चाहिए। इस बीमारी के प्रति बस सचेत रहने की आवश्कता है।
