Spread the love

आनी। शिक्षा मंत्री गोबिंद ठाकुर ने कहा कि सरकारी तंत्र में बदलाव होना चाहिए। इसी के चलते मुख्यमंत्री ने दूरदृष्टि अपनाते हुए जनमंच जैसा कार्यक्रम शुरू किया, जो आज अपना उद्देश्य सार्थक कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच में लोगों की सरकार और प्रशासन से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के चलते ही ये कार्यक्रम लोगों में आशा और विश्वास पैदा कर रहा है। वे रविवार को आनी के नित्थर में जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 
जनमंच में कुल 22 शिकायतें दर्ज हुई, लेकिन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने लोगों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उन लोगों को भी शिकायत करने का अवसर प्रदान किया जो 11 सितंबर तक शिकायत दर्ज नहीं कर पाए थे। कुल मिलाकर 40 शिकायतों को मंत्री ने गौर किया और 34 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। जिन शिकायतों का समाधान नहीं हो सका, उन शिकायतों को दूर करने के लिए एक दिन से सप्ताह के भीतर समाधान करने के दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने इस मौके पर घोषणा की कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर में शहीद दूले राम स्मारक में जल्द ही छत लगाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने शहीद दूले राम की बहादुरी और शहादत को याद करते हुए उनकी बहादुरी को भी नमन किया। उन्होंने शहीद दूले राम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।शिक्षा मंत्री ने कोरोना से लड़ाई के लिए सक्षम नेतृत्व को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने स्थानीय लोगों को बधाई दी कि उन्होंने हिमाचल को 100 फीसदी वेक्सीनेशन के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया। साथ ही उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग वेक्सीन दूसरा डोज भी तय समय पर लगाएं ताकि प्रदेश दूसरा डोज लगाने में भी शत प्रति लक्ष्य हासिल कर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाए। 
गोबिंद ठाकुर ने कहा कि कोरोना काल में देश-प्रदेश में हजारों करोड़ के विकास कार्य प्रभावित हुए, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की जरूरतों को समझते हुए वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किए। अभी तक कोरोना काल में 5 हजार करोड़ रुपए की उद्घाटन और शिलान्यास किए गए हैं। उसमें से 234 करोड़ रुपए की योजनाएं हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आनी विधानसभा क्षेत्र के लिए समर्पित की। इसमें से जिन योजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनको जल्द पूरा किया जाएगा। 
विधायक किशोरी लाल सागर ने भी उनके विधानसभा क्षेत्र में जनमंच के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का आभार जताया। कार्यक्रम में उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, एपीएमसी अध्यक्ष अमर ठाकुर, भाजपा मंडलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, एसडीएम आनी कुलदीप पटियाल सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, स्थानीय लोग, तमाम विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।  

कोई स्कूल की समस्या लेकर आया तो किसी की सात साल पुरानी समस्या हुई दूर

जनमंच में कोई स्कूल की समस्या को लेकर पहुंचा तो किसी की सात साल पुरानी समस्या को मौके पर ही दूर कर दी गई। सराहर स्कूल की समस्या को लेकर पहुंचे करतार सिंह ने स्कूल की समस्या को जनमंच में रखा तो मंत्री गोविंद सिंह ने उपायुक्त और शिक्षा महकमे के अधिकारियों को मंच से ही समस्या के समाधान के निर्देश दिए। झल्ली गांव की चमेलू देवी की करीब 7 साल पुरानी समस्या को मौके पर निपटाया गया। मोइन गांव के तमाम लोगों ने पानी और सड़क की समस्या मंत्री के सामने रखी तो समस्या के समाधाने के लिए उचित दिशा निर्देश जारी किए। केयूरी, बकता, कुटल व शाल्वाई गांव के तमाम लोगों ने पेयजल समस्या शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी और उसके समाधान के लिए अधिशाषी अभियंता को दिशा निर्देश जारी किए गए। राजस्व, जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग से संबंधित शिकायतों को मौके पर निपटाया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *