Spread the love

मंडी। मंडी जिला परिषद के सदस्य कुशाल भारद्वाज ने गड़ूही भौरा कस सड़क को तुरंत खोलने और इस सड़क पर बस लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सड़क पिछले लगभग 15 सालों से बंद पड़ी है तथा वर्तमान सरकार का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है, लेकिन किसी ने भी इस सड़क कि सुध नहीं ली है। उन्होंने कहा कि बरसात में गड़ूही से भौरा तक छोटी गाडियां भी बरसात में नहीं चल रही हैं। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि गड़ूही स्थित अंबेडकर भवन के समीप सड़क में गड्ढे पड़े होने और उस पर चिकनी मिट्टी का मलबा गिरा होने के कारण कई दिनों से यह सड़क छोटे वाहनों के लिए बंद है। लोक निर्माण विभाग को बोलने के बावजूद वह सोया हुआ है। सड़क बंद होने के कारण लोगों को भारी असुविधा हो रही है। यदि आधी ट्राली भी मोटी रोड़ी की यहां पर बिछाई जाती है तो छोटे वाहन आसानी से आ-जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हार से भौरा सड़क की भी यही हालत है तथा छोटी गाडियाँ नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त तक इस सड़क को हर हाल में ठीक कर दिया जाए, अन्यथा विभाग को जगाने के लिए जनता सड़कों पर उतरेगी। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि स्थानीय किसानों और युवाओं द्वारा इस बात की जानकारी देने के बाद उन्होंने स्वयं दोनों सड़कों का मुआयना किया तथा पाया कि ये सड़कें खस्ताहाल हैं। उन्होंने विभाग से मांग की कि इन सड़कों को छोटे वाहनों के चलने योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि एक-दो प्वाइंट को ठीक करने से ही वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
इस अवसर पर किसान सभा के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता रूप सिंह, लछमन दास, मिचनू राम, संतोष, मिनतू राम, दीपा, मनोहर, फिंका, पप्पू राम, रमेश कुमार सिकंदर, काकू राम, काहन सिंह, हलकू राम, अनू, राज कुमार, राम सिंह, जय सिंह आदि भी साथ थे।
कुशाल भारद्वाज ने कहा कि गड़ूही से चरडूनाल सड़क को भी ठीक किया जाए तथा गड़ूही में सड़क पर पानी खड़ा होने तथा ढलान होने के चलते कुछ घरों में पानी रिस रहा है, जिस से मकानों को खतरा है। इस बारे पहले भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी मकोड़ा, बागड़ू व खपरोटू व साथ लगते गांवों के लिए कोई सड़क सुविधा नहीं है और न ही इन गांवों के लिए कोई पानी की स्कीम है। उन्होंने कहा कि इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी तथा पचोण्डी नाला का पानी इन गांवों को देने बारे मैंने न केवल अधकारियों व मुख्यमंत्री को भी लिखा है, बल्कि जिला परिषद के सदन में भी इस मुद्दे को उठाया है। जल शक्ति विभाग यदि इस बारे जल्दी ही कार्रवाई नहीं करता है तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *