????????????????????????????????????
Spread the love

कुल्लू। कुल्लू जिला में विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाए जा रहे विकास कार्यों को लेकर जिला परिषद की त्रैमासिक प्रगति समीक्षा बैठक जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार की अध्यक्षता में जिला परिषद बैठक कक्ष कुल्लू में आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी शिवम प्रताप सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर, समस्त जिला परिषद सदस्य, पंचायत समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने बैठक में उपस्थित सभी जिला परिषद के सदस्यों व अधिकारियों का स्वागत किया तथा जिला में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न मदों के तहत चल रहे निर्माणाधीन विकास कार्यों में तेजी लाएं तथा इन्हें निर्धारित अवधि में पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला में ऐसे सभी सरकारी पाठशाला भवन जिनकी भूमि अभी तक विभाग के नाम नहीं की गई है, उसे शीघ्र विभाग के नाम स्थानांतरित करने को लेकर सम्बंधित अधिकारी आवश्यक प्रक्रिया अपनाएं, ताकि स्कूल भवनों का निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके। सभी सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र से सम्बंधित सड़क, स्वास्थ्य तथा पेयजल आदि समस्याओं को एक-एक करके सदन में उठाया तथा सम्बंधित अधिकारियों से इनके शीघ्र हल करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। जिला परिषद अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी सदस्यों की मांग पर उचित कार्यवाही अमल में लाई जाए। बैठक में सदस्यों द्वारा जिला में दुर्घटना संभावित स्थानों में किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना की संभावना को दूर करने हेतु पर क्रैश बैरियर लगाने के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए कहा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह ने जिला में कोविड-19 नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए सभी सदस्यों द्वारा अपनी भूमिका सुनिश्चित करने तथा कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान को जिला में पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्र तथा पंचायतों में लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम द्वारा जिला कुल्लू में विभिन्न रूटों पर बसों के संचालन, स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, खराब सड़कों की हालत को सुधारने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मनरेगा के तहत चलाए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की गई तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *