पालमपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मानवाधिकार विभाग चेयरमैन संजय सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से कहा है कि आज लॉकडाउन के कारण प्राइवेट, गुड्स कैरियर और पैसेंजर कैरियर वाहन (बस, टैक्सी, टेंपो ट्रैवलर) एक ही स्थान पर खड़े-खड़े खराब हो गए हैं। ये वाहन पिछले दो माह से खड़े हैं और यह कोई उम्मीद नहीं है कि आगे 3 महीने भी चल पाएगी या नहीं। ऐसे में उनकी सरकार से मांग है कि इन गाड़ियों के गुड्स टैक्स, फिटनेस को 1 साल के लिए आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि कई गरीब बेरोजगारों ने गाड़ियां लोन पर ली हैं और वे खड़ी-खड़ी गाड़ियों का फिटनेस टैक्स, गुड्स टैक्स व इंश्योरेंस भर रहे हैं तथा इंश्योरेंस कंपनियों का प्रीमियम खड़ी गाड़ियों का दे रहे हैं। इस कारण उन पर भारी आर्थिक बोझ आ गया है। कई युवा बेरोजगार इसकी अदायगी करने की स्थिति में भी नहीं हैं और उन्हें अपना गुजारा करना बहुत मुश्किल हो रहा है।
संजय सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार से मांग की कि ऐसे सभी वाहनों के जितने भी टैक्स हैं, वे एक साल के लिए माफ कर दिए जाएं। उनकी यह मांग भी है कि जितने भी कृषि में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर हैं, उनकी इंश्योरेंस एक साल के लिए माफ की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रीमियम इंश्योरेंस कंपनी को निर्देश दे कि इन सभी का एक साल का इंश्योरेंस न लिया जाए। उन्होंने कहा कि बेरोजगार लोगों की बसें, ट्रैक्टर, जीप तथा दूसरे वाहन खड़े-खड़े जंग खा रहे हैं। वहीं, सरकार के भारी भरकम टैक्स तथा इंश्योरेंस का भार सहना मुश्किल हो गया है। उनकी सरकार से यह मांग है कि इनकी इंश्योरेंस एक साल के लिए माफ की जाए। यही नहीं एक साल की जगह मौजूदा इंश्योरेंस को अगले साल तक के लिए ही लागू किया जाए। साथ ही फिटनेस भी अगले एक साल के लिए मानी जाए। साथ ही सारे टैक्स दो साल के लिए माने जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार को इन उद्यमियों को यह राहत तुरंत देनी चाहिए, ताकि इन जरूरतमंद लोगों को राहत मिले और वे लोग अपने कारोबार में रह सके। अन्यथा उन्हें अपने वाहन बेचने को मजबूर होना पड़ेगा।
