शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि छह दशक के राजनीतिक जीवन में वीरभद्र सिंह अपने पीछे सेवाभाव की परम्परा की विरासत छोड़ गए हैं।
सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि छह बार मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह को कई पीढ़ी के दिग्गजों के साथ काम करने के अवसर प्राप्त हुए। वीरभद्र सिंह अपने मिलनसार व्यक्तित्व व धरातल से जुड़े नेता के रूप में जाने जाते थे, जिन्होंने अपनी प्रशासनिक कार्यकुशलता की वजह से लोगों में सकारात्मक बदलाव लाए और इसी वजह से वह अंत तक जनता के दिलो के करीब रहे।
सोनिया गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के एक कद्दावर व दिग्गज नेता थे और अंतिम समय तक कांग्रेस के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ प्रदेश व देश को दिए उनके बहुमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
