हमीरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने नव पंजीकृत मतदाताओं द्वारा स्वयं अपने फोटो पहचान पत्र की प्रति प्राप्त करने के लिए ई-एपिक प्लेटफार्म लांच किया है। इस प्लेटफार्म के माध्यम से मतदाता सूची के पुनरीक्षण-2021 के दौरान नव पंजीकृत मतदाता स्वयं अपना फोटो पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा निर्वाचन आयोग की वैबसाइट www.nvsp.in (डब्लूडब्लूडब्लू डॉट एनवीएसपी डॉट आईएन) और Voterportal.eci.gov.in (वोटरपोर्टल डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट आईएन) पर उपलब्ध है। नव पंजीकृत मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में माह नवम्बर, 2020 से आज तक पंजीकृत हुआ है, वे सभी अपने ई-एपिक (फोटो पहचान पत्र) उपरोक्त वैबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। मतदाता ई-एपिक सॉफ्ट रूप में अपने डीजी लॉकर में सुरक्षित रख सकते हैं और गुम होने पर स्वयं दोबारा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा नव पंजीकृत मतदाताओं के लिए यह सुविधा 25 जनवरी, 2021 से शुरू की गई है तथा अधिकांश मतदाताओं ने अपने ई-एपिक डाउनलोड कर लिए हैं। उन्होंने जिला के सभी शेष नव पंजीकृत मतदाताओं, जिन्होंने अपना ई-एपिक अभी तक डाउनलोड नहीं किया है, से अपील की है कि वे इसे जल्द से जल्द डाउनलोड कर लें। इस विषय पर अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस.डी.एम.) कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01972- 266928 भोंरज, 273100-सुजानपुर, 224304-हमीरपुर, 288045-बड़सर, 232511-नादौन तथा 222610-जिला निर्वाचन कार्यालय हमीरपुर पर सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी नव पंजीकृत मतदाताओं से अपील की है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में अपना सहयोग प्रदान करें।
