Spread the love

शिमला।  प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की सफलता से बौखला चुकी है। कांग्रेस नेता जन जागरूकता को भी राजनीतिक रंग देने में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जनता को जागरूक करने के लिए कोविड वैक्सीनेशन का संदेश देना हर सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार अपने सभी दायित्व बखूबी निभा रही है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा। कांग्रेस नेता राजनीतिक चश्मे उतार कर देखेगी तभी उन्हें वैक्सीनेशन की सफलता दिखेगी। 
विनोद ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं को याद करवाया कि कुछ दिन पहले ही प्रदेशभर में कोरोना के बहाने होर्डिंग्स लगाकर राजनीतिक हित साधने की कोशिशें हुई थी। कांग्रेस नेताओं की वर्चस्व की जंग जीतने की वह कोशिशें कितनी सफल हुईं, होर्डिंग्स फटने और कालिख पोतने से साफ हो गया था। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार जनता को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक कर रही है, ताकि जल्द से जल्द लोगों को इस महामारी से सुरक्षित किया जा सके। उनका कहना था कि कांग्रेस नेता इसे पचा नहीं पा रहे, क्योंकि उन्हें जनता की जान से ज्यादा उनके वोटों से प्यार है। इसके लिए चाहे जनता को भ्रमित कर उनकी जान से खिलवाड़ ही क्यों न करना पड़े, कांग्रेसी उससे भी गुरेज नहीं करते।
ठाकुर ने कहा कि वैक्सीनेशन के आंकड़े गवाह हैं कि हिमाचल प्रदेश कोरोना वैक्सीन लगाने के मामले में देशभर में अव्वल चल रहा है। शायद यही कारण है कि वह बौखलाहट में जागरुकता अभियान को भी राजनीतिक रंग देकर वोट बैंक साधने की कोशिशें हो रही है, लेकिन कांग्रेस की यह साजिशें जनता भली भांति समझती है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में जनता को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करना सभी राजनीतिक दलों की साझा जिम्मेदारी है, लेकिन कांग्रेस जिस तरह से राजनीति कर रही है, उससे जनसेवा के पीछे छुपे उसके राजनीतिक एजेंडे का असली चेहरा सामने आ चुका है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *