शिमला। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भाजपा विधायक विशाल नेहरिया को तुंरत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए उनकी पत्नी ओशिन शर्मा को पुलिस सुरक्षा देने की मांग दोहराई है। उन्होंने विधायक द्वारा पत्नी से किए दुर्व्यवहार, शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न की निंदा करते हुए कहा है कि जनता के चुने हुए एक प्रतिनिधि द्वारा ऐसा कृत्य किया जाना बहुत ही दुःख दाई है और इसे इसकी कड़ी कानूनी सजा दी जानी चाहिए।
जैनब चंदेल ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा विधायक नेहरिया को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जब एक नेता अपने घर पर अपनी पत्नी ,प्रशासनिक अधिकारी के साथ ऐसा दुर्व्यवहार कर सकता है तो समाज मे इसका क्या संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पार्टी से भी निलंबित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक महिला के साथ इस प्रकार का उत्पीड़न कदापि सहन नहीं किया जा सकता।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय व राज्य महिला आयोग से भी इस मामले पर तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करती हैं और आज उसी के नेता इसकी धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस, ओशिन शर्मा को न्याय दिलाने से पीछे नहीं हटेगी। जैनब चंदेल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए पुलिस एफआईआर तुरंत दर्ज करने को कहा। उन्होंने कहा कि महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान तो लिया है, लेकिन यह देखने की बात होगी कि आयोग इस पर कितनी गंभीरता दिखाता है।
