शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर 28 जून को मंडी, 29 को कांगड़ा जिले के नूरपुर व 30 को फतेहपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मंडी संसदीय उप-चुनाव व फतेहपुर विधानसभा उप-चुनावों को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के विचारों को सुनेंगे।
प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने रविवार को यहां बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष 28 जून को दोपहर 12 बजे से मंडी में जिला स्तरीय आक्रोश रैली में भाग लेंगे। इसके बाद यहां जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श करेंगे। इस दिन रात्रि विश्राम मंडी रहेगा। उन्होंने कहा कि 29 जून सांय 4 बजे से 8 बजे तक राठौर कांगड़ा जिला के नूरपुर में कांगड़ा जिला के सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुखों व जिला कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस दिन रात्रि विश्राम नूरपुर रहेगा।
हिमराल ने बताया कि 30 जून को कांग्रेस अध्यक्ष सुबह 9.30 बजे फतेहपुर में कांगड़ा जिलाध्यक्ष, फतेहपुर ब्लॉक प्रधान के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से उप-चुनाव बारे उनके विचारों को सुनने के बाद यहां जिला स्तरीय भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की आक्रोश रैली में भाग लेंगे।
