शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बागवानी मंत्री मेहन्द्र सिंह को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि वह अपनी सीमाएं लांघने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस उनके सभी काले कारनामे उजागर करेगी। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए राठौर ने बागवानी मंत्री की मुख्य सचिव से बदसलूकी पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि एक ईमानदार और मेहनती अधिकारी के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार सहन नहीं किया जा सकता।
राठौर ने महेंद्र सिंह, जिनके पास जल शक्ति विभाग भी है पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अनेकों बार अधिकारियों से बदसलूकी व धमकाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल वह मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनावी दौरे पर है और झूठ बोल कर घोषणाओं में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि रेणुका विधानसभा उप चुनाव के दौरन उन्होंने यहां सड़कों के किनारे पानी की पाइपों को यह कह कर रखवाया था कि उनके गांवों को पानी की योजनाएं चालू की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही यह पाईपें यहां से गायब कर दी गई। उन्होंने मंत्री के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि दुर्भाग्य से आज बागवानी विभाग एक ऐसे अकुशल मंत्री को दिया गया है, जिसका बागवानी का ज्ञान शून्य है और न ही कोई अनुभव है। उन्होंने कहा कि यही वजह रही है कि बागवानी का 1134 करोड़ का एक प्रोजेक्ट अब तक अधर में लटका है।
राठौर ने आरोप लगाया कि महेंद्र सिंह हमेशा ही चुनाव प्रभावित करने की फिराक में रहते हैं, लेकिन इस बार कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि बागवानी मंत्री ने इस बार सेब कार्टन के मूल्यों को न बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन अब इसके मूल्य बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह चुनावों में पार्टी के लिए पैसा बटोरने में लगें है। पानी के पाइप हो या कार्टन बक्से, उन द्वारा सब से पार्टी के लिए चंदा बटोरा जा रहा है।
राठौर ने बागवानों व किसानों की फसलों की बीमा राशि का भुगतान न करने और एचपीएमसी द्वारा बागवानों का पिछले तीन सालों से उनके बकाया राशि का भुगतान न करने पर रोष जताते हुए कहा है कि कांग्रेस कल से प्रदेशभर में जिला स्तर किसानों व बागवानों के साथ-साथ आम लोगों, कारोबारियों, कर्मचारियों के साथ हो रहे भेदभाव, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ जन आक्रोश सप्ताह शुरू करने जा रही है, जिसमें वह स्वयं भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कल नारकंडा से इसकी शुरुआत होगी, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सचिव प्रभारी संजय दत्त भी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कांगड़ा और मंडी में उनके साथ नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी साथ होंगे। उन्होंने सभी पार्टी विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, अग्रणी संगठनों के प्रमुखों को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बाद में सभी ब्लॉकों में यह जन आक्रोश रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
