Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव व प्रदेश प्रभारी नीतू वर्मा सोईन ने प्रदेश महिला कांग्रेस पदाधिकारियों का आह्वान किया है कि वह प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करें। उन्होंने कहा है कि आज देश व प्रदेश महंगाई व बेरोजगारी जैसी जटिल समस्याओं से जूझ रहा है और यह सब केंद्र व प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार की नीतियों का ही परिणाम है। वे रविवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों की एक बैठक को संबोधित कर रही थी। 

नीतू वर्मा ने कहा कि आज देश गम्भीर चुनौतियों से गुज़र रहा है। किसान सड़कों पर बैठा है। बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई ने आम लोगों का जीवन दूभर कर दिया है। हर रोज पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में बढ़ोतरी कर सरकार अपना खजाना भर रही है। आज गैस का सिलेंडर एक हजार रुपए तक पहुंच गया है। इस कारण महिलाओं को घर चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने लोगों को कोई भी राहत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि अब एकजुट होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए आम लोगों विशेष तौर पर महिलाओं को जागृत करने के लिए महिला कांग्रेस को मैदान में उतरना है।नीतू वर्मा ने प्रदेश में होने जा रहे तीन उपचुनाव के लिए महिला कांग्रेस को मैदान में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ पर दो-दो महिलाओं को नियुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस पर पार्टी को मजबूत करने की बहुत ही बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें बड़ी ईमानदारी से निभाना है।

बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने नीतू वर्मा का स्वागत करते हुए प्रदेश में कोरोना के इस दौर में लोगों को दी जा रही मदद की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस अपने स्तर पर इस महामारी के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए सेनेटाइजर, मास्क व गरीब लोगों को राशन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि देश प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में पूरे प्रदेश में महिलाएं एकजुटता के साथ धरना प्रदर्शन करती रही हैं और आगे भी जारी रखे जाएंगे। इस अवसर पर कविता कंवर, शांता राजटा, शशि ठाकुर, कविता सिंह, प्रभा वर्मा, बृंद्रा सिंह, प्रेम लता ठाकुर, इन्दिरा देवी, लकी राणा, रेणु बजवारिया, शारदा ठाकुर, रिंकू चंदेल, वनिता वर्मा, राजेंदर कौर, उषा शर्मा, काजल शर्मा, श्यामा कैंथला, किरण गुलेरिया, अनुराधा ठाकुर, पुष्पा जोबटो, राकेश रानी, नीलिमा सहित कई पदाधिकारियों एवं ज़िला अध्यक्षों ने बैठक में भाग लिया। 

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव व प्रदेश प्रभारी नीतू वर्मा 26 जून तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान नीतू वर्मा किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मनाली, मंडी व बिलासपुर जिलों में महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशानिर्देश भी देंगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल के अतिरिक्त कई अन्य प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी साथ रहेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *