Spread the love

शिमला। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से पार्टी को सत्ता में लाने के लिए रणनीति बनाने और अब तक हुए संगठन के कामकाज की समीक्षा करने के लिए प्रदेश भाजपा की तीन दिवसीय अहम बैठक यहां शुरू हो गई है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए पार्टी के सभी दिग्गज शिमला में जुटे हैं। पहले दिन पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में शुरू हुई कोर कमेटी की बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल एवं त्रिलोक कपूर उपस्थित रहे।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने बताया कि भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में अनेकों विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा की कोविड-19 संकटकाल में जिस प्रकार से भाजपा ने गरीब लोगों और कोविड-19 से संक्रमित व्यक्तियों के लिए कार्य किया है, उसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। सेवा ही संगठन भाग-2 के तहत जितने भी कार्य हैं, उनका लेखा-जोखा इस बैठक के माध्यम से पार्टी हाईकमान को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी अगले दो दिन बैठक चर्चा की जाएगी और किस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी आगे काम करेगी, उसके बारे में रणनीति बनाई जाएगी।रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकार एवं संगठन के बीच अच्छा तालमेल रहे, इसकी भी योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोर कमेटी की बैठक बुधवार दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके उपरांत 4 बजे से 2017 के सभी प्रत्याशियों की बैठक ली जाएगी और अंतिम बैठक प्रकोष्ठ के संयोजकों की होगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संकटकाल के चलते सभी नियमों का पालन किया जा रहा है और इसलिए पार्टी ने छोटी बैठकों का आयोजन किया है। उनका कहना था कि आने वाले समय में पार्टी और गतिशील हो, इसके बारे में रणनीति तय की जाएगी।  उन्होंने कहा कि आने वाले उपचुनावों में पार्टी विजयी हो और 2022 में एक बार पुनः भाजपा की सरकार प्रदेश में बने, इसकी भी रणनीति तैयार की जाएगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *