शिमला। देश व प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ते मूल्यों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी शिमला में धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमे सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से एक पेट्रोल पंप तक साइकल चलाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सरकार से जनहित में इस मूल्य वृद्धि को वापिस लेने की मांग की है।
इस दौरान संजय दत्त ने कहा कि देश में कोरोना के चलते अभी यह आंदोलन सांकेतिक किया गया है। आने वाले समय में यदि सरकार ने दाम कम न किए तो केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन से भी कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के व राहुल गांधी के नेतृत्व और प्रेदश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में कांग्रेस देशभर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना रोष प्रकट करते हुए पेट्रोल पंपों के बाहर धरना प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में यहां राज्यस्तरीय धरना प्रदर्शन किया गया है। संजय दत्त ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों से गरीब व आम लोग परेशान है। एक तरफ कोरोना की मार दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार किसान विरोधी है और कांग्रेस गरीबो व किसानों के हक्क की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से आम जनता से इकट्ठा किए गए पैसे का हिसाब भी मांगा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को बताए कि उसने यह पैसा कहां खर्च किया।
इस दौरान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने आज पूरे प्रदेश में जिला व ब्लॉक स्तर पर कोरोना प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए देश प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कहीं भी कोविड नियमों का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के मूल्यों में भारी गिरावट जारी है तो दूसरी ओर देश में हर रोज इसके मूल्यों बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बढ़ती महंगाई से आम व गरीब लोग परेशान है और सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि आज बढ़ती महंगाई से लोग त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठी भाजपा सरकार महंगाई दूर करने के वायदे से सत्ता में आई थी। उसका यह वायदा पूरी तरह झूठा साबित हुआ है। आज देश-प्रदेश में महंगाई के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। पेट्रोल, डीजल हो या गैस या खाने के तेल, दालें, हो या अन्य खाद्यान्न सभी के मूल्य बढ़ने से लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई प्रदेश में डिपुओं में सस्ते राशन की योजना दम तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोरोना तो दूसरी तरफ महंगाई दोनों की मार आम व गरीब लोगों पर पड़ रही है।
इस सांकेतिक विरोध प्रदर्शन में संजय दत्त, कुलदीप सिंह राठौर, मुकेश अग्निहोत्री, विधायक अनिरुद्ध सिंह के अतिरिक्त शिमला जिला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैथू पेट्रोल पम्प तक साईकल चला कर गए। प्रदेश कांग्रेस ने आज बढ़ती महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन सभी जिलों व ब्लॉकों में आयोजित किया गया, जहां कोरोना के प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए पेट्रोल पंपों के आगे धरना प्रदर्शन किया गया।
