शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्व एमएलसी संजय दत्त हिमाचल प्रदेश के प्रभारी बनने के बाद अपना नया दायित्व संभालने के बाद 6 दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर मंगलवार को शिमला पहुंचे। य़हां वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, जिला व ब्लाक अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुखों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठके करेंगे।
प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बाद में, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के साथ एक विस्तृत बैठक में संजय दत्त ने संगठन और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में चर्चा के अतिरिक्त प्रदेश में कोविड की स्थिति और प्रदेश सरकार की इससे निपटने, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी विफलताओं पर विशेष चर्चा की।
संजय दत्त ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाये जा रहे कोविड राहत कार्यों की समीक्षा की, जो प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की प्रमुख प्राथमिकता है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला की सलाह पर किये जा रहे हैं।
इसके बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आवास हॉलीलॉज गए। वहां उन्होंने प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह से भेंट कर वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जाना और उन्होंने वीरभद्र सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
