शिमला। विधायक आपके द्वार तथा सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज शुक्रवार को राजधानी शिमला के सदर थाना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा कोविड महामारी के दौरान दिए गए अभूतपूर्व योगदान के लिए थाना प्रभारी तथा अन्य कर्मचारी एवं नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारद्वाज ने कहा कि इस महामारी के दौरान पुलिस विभाग के कर्मचारियों का भरपूर सहयोग रहा है। अपनी परवाह किए बिना निसंकोच भाव से पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा किया गया कार्य अनुकरणीय है। इस महामारी के दौरान अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर पुलिस विभाग ने निरंतर कार्य किया है। कोरोना महामारी आपदा में पुलिस विभाग द्वारा लोगों के सहयोग के लिए आगे बढ़कर कर्तव्य का निर्वहन किया गया।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा इस महामारी के दौरान शिमला शहर के प्रवासी लोगों को खाना तथा अन्य सामान वितरित कर लोगों में अपना शालीनता की विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के अन्य पुलिस थानों में भी इस तरह के कार्यक्रम कर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। इस दौरान उन्होंने विधायक निधि से सदर थाना के छत के निर्माण के लिए 7 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षद दीपक शर्मा, पार्षद पूर्ण मल, मण्डलाध्यक्ष राजेश शारदा, महासचिव गगन लखनपाल, जिला उपाध्यक्ष संजय कालिया, वार्ड संयोजक सब्जी मण्डी दीपक श्रीधर, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री शीतल शर्मा व्यास, मण्डल युवा मोर्चा अध्यक्ष हितेश, जिला सचिव अजय सरना, मण्डलाधिकारी भारतीय जनता पार्टी अनिता सूद, मण्डल महामंत्री सुशील चौहान, वार्ड संयोजक प्रवीण ठाकुर, तरूण राणा तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
