????????????????????????????????????
Spread the love

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिला में कोरोना की स्थिति और रोकथाम को लेकर किए प्रबंधों का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक मंडी के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भी की। मुख्यमंत्री ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के दृष्टिगत पूर्व तैयारी और क्षमता में वृद्धि करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए सटीक रणनीति एवं पूर्व तैयारी बहुत जरूरी है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को अधिक प्रभावित कर सकती है, इसे देखते हुए प्रदेश में बच्चों की स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। पूर्व तैयारी के तौर पर आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण और अन्य सुविधाओं का प्रबंध किया जा रहा है। 
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। 15 जून के बाद प्रदेश में 18 प्लस समूह के लिए फिर से वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी और टीकाकरण कार्य तेज गति से चलेगा। उन्होंने जिला में कोविड 19 से निपटने की तैयारियों को और पुख्ता करने तथा उपमंडलों में नागरिक अस्पतालों को कोविड प्रबंधन के लिए तैयार करने की दृष्टि से योजना बनाने को कहा। बैठक में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विभिन्न सिविल अस्पतालों में कोविड उपचार अनुरूप उपयुक्त व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कोविड मरीजों के लिए घर के समीप स्वास्थ्य उपचार सुविधा विकसित करने के प्रयास किए जाएं ताकि कोविड के सामान्य मामलों को वहीं पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सके। इससे दूरदराज क्षेत्रों से मरीजों को मंडी या नेरचौक शिफ्ट करने में लगने वाला समय भी बचेगा। 
श्री लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सा महाविद्यालय काॅलेज नेरचौक के प्रधानाचार्य डाॅ. आरसी ठाकुर ने अस्पताल में भर्ती हुए कोरोना मरीजों के उपचार के बारे एवं स्वास्थ्य प्रबंधों की जानकारी दी। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने जिला में कोरोना की स्थिति और विभिन्न तैयारियों का विवरण दिया।
स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, जवाहर ठाकुर और प्रकाश राणा, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजबली, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी के कुलपति डाॅ. सुरेंद्र कश्यप, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. पीएल वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. देवेंद्र शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *