शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी भाजपा पदाधिकारियों को कोविड-19 महामारी के दौरान जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का उद्देश्य ‘सेवा ही संगठन’ होना चाहिए। वे रविवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के मुरहाग बूथ और चम्बा जिला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के सलवां बूथ के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी से देश की आर्थिकी प्रभावित हुई है और प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि इस संकट की घड़ी में देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को कोरोना की पहली लहर से बाहर निकलने में देश का मार्गदर्शन किया और इस वर्ष भी दूसरी लहर के दौरान देश इस संकट से बाहर निकल रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने के ठोस प्रयास किए हैं, ताकि इस महामारी से प्रदेश की आर्थिकी प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष लॉकडाऊन के दौरान भी उन्होंने वर्चुअल माध्यम से 3500 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए और आधारशिलाएं रखीं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र में एनडीए सरकार का सात वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सात वर्ष देश के लिए ऐतिहासिक साबित हुए हैं, क्योंकि राष्ट्र विश्व शक्ति के रूप में उभरा है और देश को विरोधियों द्वारा भी स्वीकारा जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों और अस्पताल में दाखिल रोगियों की भी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें जुकाम जैसे लक्षणों वाले व्यक्तियों से सम्बंधित सूचना प्रदान करने में प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए। भाजपा महासचिव त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के लिए बहुमूल्य समय देने के लिए उनका धन्यवाद किया।
