Spread the love

कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने आज लेडी विलिंगडन मिशन अस्पताल मनाली में कोविड मरीजों का कुशलक्षेम जाना। इस मौके पर उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। मरीजों ने बातचीत के दौरान कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं। मेडिकल स्टाफ मरीजों का सही प्रकार से ख्याल रख रहे हैं। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि जो गंभीर मरीज अस्पताल में आए हैं, देखरेख के कारण उनके स्वास्थ्य में भी काफी सुधार होना प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि मिशन अस्पताल से अभी तक 50 मरीजों ने अपना सफल उपचार कर वापस घर लौटे हैं। 

शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मनाली सहित लाहौल के लोगों को मिशन अस्पताल में उपचार के लिए सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना आयुष्मान कार्ड के तहत यहां मरीजों का फ्री में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों के पास यह कार्ड नहीं है, उनको 70 फीसदी तक की छूट देकर उपचार किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि आज फाउंडेशन के प्रेरणा स्रोत श्री भोले जी महाराज और माता श्री मंगला जी के सहयोग से मिशन अस्पताल को 5 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किए हैं। उन्होंने कहा कि मिशन अस्पताल में मरीजों को उपचार के दौरान अधिक सुविधा मिले, इसके लिए वह प्रयासरत है। 
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली में आने वाले दिनों में रोटरी क्लब ने यहां ऑक्सीजन प्लांट लगाने की योजना बनाई है। रोटरी क्लब के सदस्य बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि टीकाकरण और टेस्ट करवाने में अधिक संख्या में आएं और सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मिशन अस्पताल में सुव्यवस्थित तरीके से मरीजों का उपचार चल रहा है। जिला में कोविड-19 की स्थिति पर वह लगातार व्यक्तिगत तौर पर निगरानी रखे हुए हैं। वह हर रोज मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ संबंधित क्षेत्रों में कोरोना की स्थिति तथा इसके उपचार के संबंध में पूरी जानकारी हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देख कर खुशी होती है कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ महामारी से लड़ने में जुटा है। अपने स्वास्थ्य की चिंता किए बगैर चिकित्सक और स्टाफ नर्स तथा अन्य पैरामेडिकल स्टाफ दिन रात कोरोना मरीजों के उपचार में जुटे हैं। होम आइसोलेशन में मरीजों की बखूबी देखभाल कर रहे हैं और उन्हें सभी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवा रहे हैं।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जिला की अनेक सामाजिक व स्वैच्छिक संस्थाएं कोरोना की इस लड़ाई में सहयोग के लिए आगे आए आ रही हैं। यह संस्थाएं अपने अपने तरीके से अज्ञात शत्रु कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के हितों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां कहीं से भी किसी भी मजदूर अथवा जरूरतमंद व्यक्ति को राशन अथवा दवाइयों इत्यादि की आवश्यकता हो तो तुरंत से उसे उपलब्ध करवाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *