शिमला। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि कांग्रेस कोविड टीकाकरण को लेकर राजनीति कर रही है। आए दिन कांग्रेस के नेता मीडिया में बेबुनियाद बयानबाज़ी कर जनता को टीकाकरण पर गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के समय कुछ कांग्रेस नेता अपनी खुद की राजनीति चमकाने में लगे हैं।
नंदा ने कहा कि हिमाचल में जयराम ठाकुर सरकार कोविड महामारी से लड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री सभी परिस्थितियों पर लगातार नज़र बनाए रखे हैं। साथ ही केंद्र द्वारा भी हिमाचल को हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में टीकाकरण तेज़ गति से चल रहा है। भारत मे अभी तक 18,30,90,218 प्रथम डोज़ लग चुकी है और 4,07,26,986 पुराण रूप से वैक्सीनटेड हो चुके हैं। इसी प्रकार हिमाचल में अब तक कुल वैक्सीन की 21,50,353 डोज़ दी जा चुकी है, जिसमें से प्रथम डोज़ 1715839 को मिल चुकी है और दूसरी डोज़ 434514 को मिल चुकी है। हिमाचल की जनसंख्या के हिसाब से अभी तक टिकाकरण कि गति काफी बढ़िया है।
करण नंदा ने कहा हिमाचल में कोविड को लेकर बेड का प्रबंधन भी उत्तम है। प्रदेश में ऑक्सीजन बेड की कुल मात्रा 2487 है, जिसमें से अभी 586 बेड उपलब्ध हैं। आईसीयू बेड कुल 288 हैं, जिसमें से 71 उपलब्ध हैं और अन्य बेड 820 हैं जिसमें से 583 उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि दिन प्रतिदिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों से प्रदेश में मेक शिफ्ट अस्पतालों के माध्यम से बेड की क्षमता बढ़ ही रही है, जिससे हिमाचल की जनता को राहत बड़ी राहत पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार और जनता मिल कर इस महामारी से एक जंग लड़ रही है।
