शिमला। राजधानी शिमला में कोरोना संक्रमण के रोगियों को सुविधा प्रदान करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए के लिए यहां 139 बिस्तरों की अतिरिक्त व्यवस्था कर दी गई है। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। उपायुक्त ने अधिसूचना जारी करते हुए राजधानी के चौड़ा मैदान स्थित सेनिटोरियम एंव अस्पताल को जिला कोविड स्वास्थ्य केन्द्र तथा वाॅकर अस्पताल को कोविड सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सेनिटोरियम अस्पताल पहला निजी अस्पताल है, जिसे जिला प्रशासन द्वारा कोविड अस्पताल के रूप में अधिसूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि सेनेटोरियम अस्पताल में 39 बिस्तरों तथा वाॅकर अस्पताल में 100 बिस्तरों की सुविधा कोविड रोगियों को मिल सकेगी।
डीसी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रारंभिक तौर पर 70 पीपीई किट 125 एन 95 मास्क इन्हें प्रदान किए गए हैं, जबकि आने वाले समय में मांग एवं आवश्यकता अनुरूप और पीपीई किटें व मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन कोविड केयर केन्द्रों के तहत संचालन एवं रोगियों के उपचार के लिए निरंतर चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि रोगियों को उचित व त्वरित उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सके।

