शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों और राहत को लेकर पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने जहां राज्य में कोरोना संक्रमण के सामुदायिक फैलाव पर गहरी चिंता जताई, वहीं राज्य में कोरोना वेक्सीन ड्राइव में और तेजी लाने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने लिखा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की जानी चाहिए।
दोनों कांग्रेस नेताओं ने लिखा कि प्रदेश में कोरोना महामारी का कहर जारी है। अब तक इस महामारी ने 1900 से अधिक लोगों को अपनी मौत का शिकार बना दिया है। प्रदेश में इस समय इस महामारी से प्रभावित लोगों का आंकड़ा एक लाख 32 हजार से अधिक पहुंच गया है, जो बहुत ही चिंता का विषय है। प्रदेश में जहां एक ओर अन्य राज्यों की अपेक्षा मृत्यों दर अधिक है, वहीं दूसरी तरह रिकवरी रेट भी बहुत कम है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस इस विपदा के समय देश व प्रदेश के लोगों की सहायतार्थ उनके साथ खड़ी है। लोगों को इस संकट की घड़ी में हरसंभव मदद कर रही है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गांधी हेल्पलाइन शुरू की है।
राठौर और अग्निहोत्री ने कहा कि वे इस पत्र के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस, राज्य सरकार से आग्रह करती है कि प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए वेक्सिनेशन का कार्य तेजी से किया जाए। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन का स्टॉक रखने की जरूरत है। उन्होंने लिखा कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है। ऐसे में दूरदराज के दुर्गम क्षेत्रो में वेक्सिनेशन का कार्य जल्द पूरा करने की बहुत ही आवश्यकता है।जैसा कि मीडिया से व हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं से जानकारी मिल रही है, प्रदेश में कोरोना सामुदायिक फैलाव की ओर बढ़ रहा है। यह बहुत ही चिंता की बात है। अगर इसकी रफ्तार ऐसी ही रही तो प्रदेश बहुत बड़ी मुश्किल में पड़ सकता है। इसलिए इन क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे प्रदेश में जल्द से जल्द बिना किसी देरी के वेक्सिनेशन का कार्य पूरा किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में 18 साल से ऊपर सभी लोगों का वेक्सिनेशन कार्य भी जल्द शुरू करने की बहुत ही आवश्यकता है, ताकि युवाओं को भी बढ़ते कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके। वहीं, प्रदेश में कोरोना टेस्टिंग व इसके रिजल्ट तुरंत देने के प्रयास किए जाने चाहिए। उनका कहना था कि प्रदेश के कांगड़ा, मंडी व ऊना जिलों में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। वहां इसके रोकथाम के लिए विशेष ध्यान देने की बहुत जरूरत है।
कांग्रेस नेताओं ने पत्र में लिखा कि इस महामारी के दौर में पिछले साल भी लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अब इसकी दूसरी लहर में भी लोग प्रभावित हो रहे हैं और आने वाली तीसरी लहर क्या रंग रूप लेकर आती है, कुछ नहीं कहा जा सकता। ऐसे में इससे निपटने के लिए अभी से बेहतर प्रबंधन की बहुत जरूरत है। प्रदेश में अस्पतालों की व्यवस्था ठीक करने के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में वेंटीलेटर, ऑक्सीजन, रेगुलेटर व बेड कैपेसिटी बढ़ाने की बहुत आवश्यकता है। इसके लिए सरकार को पूरे प्रयास करते हुए केंद्र सरकार से किसी विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करनी चाहिए, जिससे आम लोगों को भी कोई राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी आशा करती है कि सरकार उनके इस पत्र पर ध्यान देते हुए जन मानस की रक्षा के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाएगी।
