शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सोलन जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का आह्वान किया है कि प्रदेश में कोरोना के चलते पार्टी द्वारा स्थापित गांधी हेल्पलाइन में जो भी मदद की गुहार करता है उसे तुरंत मदद दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस महामारी के चलते गरीब व असहाय लोगों की मदद का जो प्रण लिया है उसे हर हाल में पूरा करना है।
शुक्रवार को सोलन जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक को सम्बोधित करते हुए राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले साल भी कोरोना की पहलीं लहर के दौरान लोगों की मदद की थी और अब दूसरे दौर में भी सभी को एकजुट होकर मदद करनी है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर व सभी ब्लॉकों में गांधी हेल्पलाइन प्रभावी ढंग से काम करें। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए और इसकी पूरी रिपोर्ट हर रोज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के कोविड हेल्पलाइन केंद्र को भेजी जाए।
कुलदीप राठौर ने पदाधिकारियों से कहा कि अगर उन्हें अस्पतालों या कोविड केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कोई भी कमी नजर आती है तो इसकी सूचना प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को दी जाए, जिससे समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों व सरकार से बात की जाए। बैठक में सोलन जिलाध्यक्ष शिव कुमार, कांग्रेस महासचिव प्रभारी केवल सिंह पठानिया, अर्की ब्लॉक अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, नालागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष हुस्न चंद ठाकुर, दून ब्लॉक अध्यक्ष दया राम, कसौली ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा, सोलन शहर अध्यक्ष अंकुश सूद के अतिरिक्त सचिव प्रभारी चंद्र शेखर वर्मा, शशि बहल, प्रदीप वर्मा, सोलन नगर निगम के महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कोड़ा, परवाणू नगर परिषद अध्यक्ष निशा शर्मा, उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल व सोशल मीडिया के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक राणा, नंद लाल व सुजय अग्रवाल ने भी भाग लिया।
