शिमला। कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, समर्पित कोविड अस्पतालों में कोविड ड्यूटी देने वाले एमबीबीएस के चौथे व पांचवें वर्ष के प्रशिक्षुओं, सीनियर व जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों, अनुबंध आधार पर तैनात चिकित्सकों, प्रशिक्षु नर्सों, अनुबंध लैब कर्मियों को सरकार मानदेय देगी। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि 30 जून, 2021 तक कोविड ड्यूटी पर तैनात सीनियर व जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों को 10 हजार रुपए, अनुबंध आधार पर तैनात चिकित्सकों को 10 हजार रुपए और एमबीबीएस के चौथे व पांचवें वर्ष के प्रशिक्षु छात्रों को भी 10 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कोविड ड्यूटी देने वाली बीएससी व एमएससी प्रशिक्षु नर्सों को 6 हजार रुपए, अनुबंध लैब कर्मियों को 5 हजार रुपए और जीएनएम प्रशिक्षु नर्सों को 5 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह मानदेय इन्हें मिलने वाले नियमित वेतन या भुगतान के अतिरिक्त होगा।
