रिकांगपिओ। किन्नौर जिला में कोविड-19 के 14 और मामले पाजिटिव आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में आज कोविड-19 के 234 सैम्पल लिए गए, जिनमें से 14 सैम्पल की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। पाॅजिटिव आने वालों में बटूरी, चगांव, ठंगी, भावानगर, लियो व पूह से एक-एक मामला, रिकांगपिओ व रूपी से दो-दो मामले तथा नाको से 4 मामले शामिल हैं।
डॉ. नेगी ने कहा कि इससे जिले में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 332 हो गई है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 के कुल 3476 सैम्पल लिए गए हैं, जिनमें से 32204 सैम्पल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है तथा जिले में कुल 1954 सैम्पल की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। जिले में अब तक 1598 कोविड रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
डॉ. नेगी ने कहा कि गत दिवस आईजीएमसी भेजे गए 218 सैम्पल की रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने 45 साल से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों, जिन्होंने अभी तक कोविड का टीका नहीं लगाया है, उनसे आग्रह किया कि वे अपने निकटतम चिकित्सा संस्थान में कोविड का टीका अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि कोविड का टीका लगाने से ही हम इस महामारी से बच सकते हैं।
उन्होंने 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के व्यक्तियों से भी आग्रह कि वे कोविड पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप पर अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि जैसे ही प्रदेश में इस आयु वर्ग का टीकाकरण आरंभ होता है तो उनका टीकाकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले के रिकांगपिओ स्थित क्षेत्रीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कटगांव, रूपी, टापरी तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र आसरंग में 7 मई, 2021 को कोविड टीकाकरण किया जाएगा।
