शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी की शानदार जीत पर पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने भाजपा की अवसरवादी व ध्रुवीकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।
राठौर ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा को केवल 2 राज्यों आसाम व पुडुचेरी में ही बहुमत मिला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, केरल व तमिलनाडु में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराने के लिए जिस प्रकार से चुनाव प्रचार किया, सरकारी तंत्र का खुल कर दुरुपयोग कर लोगों में डर व भय का एक माहौल पैदा करने की पूरी कोशिश की, चुनाव परिणाम में उसका जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कहा कि भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति अब ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली है।
कोरोना संकट के लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार – राठौर
कुलदीप राठौर ने देश में बढ़ते कोरोना संकट के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए आरोप लगाया कि संकट की इस घड़ी में भाजपा को इन राज्यों में अपनी जीत की ज्यादा चिंता थी। सरकार ने देश में बढ़ती ऑक्सीजन की किल्लत व वेक्सीनेशन की कमी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यही वजह है कि आज ऑक्सीजन व वेक्सीन को विदेशों से आयात करवाना पड़ रहा है। उन्होंने हर रोज हजारों की संख्या में कोरोना से हो रही मौतों पर दुख व चिंता प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा देश के नागरिकों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
