Spread the love

शिमला। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा 22 अप्रैल को हर जिले में रक्तदान शिविर का आयोजन करने जा रहा है। यही नहीं, महिला मोर्चा हर जिले में मंडल स्तर पर सुंदरकांड का भी आयोजन करने जा रही है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे देश एवं प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए महिला मोर्चा 22 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों में रक्तदान शिविर का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की 15 से 20 बहनें जिला और मंडल स्तर पर सुंदर कांड का आयोजन भी करेंगी, क्योंकि सुंदरकांड एकमात्र ऐसा अध्याय है जो श्रीराम के भक्त हनुमान की विजय का है। उनका कहना था कि मनोवैज्ञानिक नजरिए से देखा जाए तो सुंदर कांड आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति बढ़ाने वाला है।

रश्मि धर सूद ने कहा कि महिला मोर्चा द्वारा हर जिले से एक कोविड हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया जाएगा, जिस पर कोई भी व्यक्ति जरूरत के लिए सम्पर्क कर सकता है। यही नहीं, कोविड वैक्सीन को लेकर जन जागरण अभियान भी महिला मोर्चा चलाएगा। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों में कोविड-19 के सभी नियमों का पालन किया जाएगा।प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में भी महिला मोर्चा ने कोविड महामारी के समय अग्रिम भूमिका निभाई थी। महिला मोर्चा ने पिछले वर्ष 50 लाख से अधिक फेस कवर बनाए थे और जनता में मास्क वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि हम सभी को कोविड के उचित व्यवहार का सख्ती से पालन करना है और मास्क सही ढंग से पहनने के साथ दो गज की दूरी को बनाए रखना है और बार-बार हाथ भी धोना है। ऐसा करके ही हम सब मिलकर कोविड को हरा सकते हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *