शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया है कि वह नगर निगम चुनावों में अपनी हार से बौखलाए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी हार की खीज मिटाने के लिए मुख्यमंत्री अमर्यादित भाषा बोलकर कांग्रेस नेताओं बगैर किसी आधार के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
राठौर ने शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि आरोप लगाने के बजाए मुख्यमंत्री, सरकार की कार्यप्रणाली को सुधारने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन व पालमपुर में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जबकि धर्मशाला में भाजपा ने जोड़-तोड़ कर नगर निगम को हथियाया है। उन्होंने कहा कि सोलन में भी भाजपा की अंतिम समय तक यही कोशिश थी, जिसे कांग्रेस ने सफल नहीं होने दिया।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। इसी वजह से भाजपा के अध्यक्ष तक को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के इस साढ़े तीन साल के कार्यकाल में घोटाले ही घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाथ्य विभाग वेंटिलेटर व अन्य उपकरण खरीद घोटाला, सचिवालय में सनिटाइजर घोटाला, निजी विश्वविद्यालय में फर्जी डिग्री घोटाला, नकली दवाइयों का घोटाला, भूमि घोटाला और अब गाड़ियों की रजिस्ट्रेशन घोटाला इसके उदाहरण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार घोटालों से भरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी घोटाले एक-एक कर सब सामने आ रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बाहरी लोगों की करोड़ों रुपए की कीमत की गाड़ियों की रजिस्ट्रेशन प्रदेश में करवाने पर हैरानी जताते हुए कहा कि प्रदेश के भीतर भाजपा सरकार के सरंक्षण में एक बड़ा रैकेट चल रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच करने और इस बारे एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से पूछा कि अब तक प्रदेश में बाहरी लोगों की कितनी गाड़ियां रजिस्टर हुई है और किन लोगों ने इसमें अपना सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश का करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है और इसके सभी दोषी सामने आने चाहिए।
राठौर ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि सरकार के पास कोरोना की रोकथाम के लिए न तो कोई ठोस उपाय है और न ही कोई कार्यक्रम। उन्होंने कहा कि सरकार कभी कुछ कहती है तो कभी कुछ। उनका आरोप था कि सरकार अपने फैसलों को अपनी सुविधानुसार बदल रही है। उन्होंने कहा कि अब एक नया स्ट्रेन आने से इस संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ गई है और मृत्यु दर का बढ़ना भी चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे में विपक्ष से कोई बात भी नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग करते हुए कहा कि अगर इस बीमारी से प्रदेश में हालात बिगड़ते हैं तो कांग्रेस को मजबूरन आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरना पड़ सकता है और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
