शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने चार नगर निगमों में से दो पर पार्टी का पूर्ण बहुमत हासिल करने पर खुशी जताते हुए कहा है कि इन चुनाव परिणामों से पार्टी अब नए जोश व उत्साह के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के परिणाम से साफ है कि लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है और आगामी 2022 के चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए मतदाताओं का आभार जताया। वे वीरवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
राठौर ने कहा कि भाजपा को केवल एक नगर निगम में ही जीत हासिल हुई है और वह भी मुख्यमंत्री के गृह जिले मंडी में, जहां मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों को वोट मांगने के लिए घर-घर जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम को मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया था। वहां लोगों पर जीत के लिए भारी दवाब बनाया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के अंतिम दौर में भाजपा ने चुनाव प्रभावित करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन उसे इसमें मंडी को छोड़ कहीं भी कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भाजपा को बहुमत नहीं मिला।
कुलदीप राठौर ने कहा कि पिछले पंचायत व नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने जनमत को चुराया था। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इन चुनावों को पार्टी चिन्ह पर करवाने की मांग भी इसी आधार पर की थी कि भविष्य में कोई भी जनमत को चुराने का प्रयास न करें और न ही कोई खरीद फरोख्त हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए इनमें जीत की चुनौती दी थी। राठौर ने कहा कि उन्होंने इस चुनौती को स्वीकारा और परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही देश प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने की बात कहती रही है, लेकिन अब देश प्रदेश भाजपा मुक्त होने की राह पर चल पड़ा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए रक्त संचार के साथ नई ऊर्जा व जोश पैदा हुआ है। इसी जोश व ऊर्जा के साथ आने वाले समय में कांग्रेस मंडी लोकसभा और फतेहपुर विधानसभा के उपचुनावों में भी जीत हासिल करेगी।
मंडी और धर्मशाला में हार के कारणों की होगी समीक्षा
राठौर ने कहा कि मंडी और धर्मशाला में हार व कमियों के कारणों की समीक्षा की जाएगी और कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावों में अच्छा काम करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। राठौर ने कहा कि कांग्रेस सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के दिशानिर्देशों व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन से आने वाले समय मे प्रदेश में अपनी जीत का परचम लहराएगी। कुलदीप राठौर ने बताया कि उन्होंने चार नगर निगम चुनावों के कुल 64 वार्डों में से 45 वार्डों का दौरा किया, जिसमें उन्होंने 50 से अधिक सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी पार्टी नेताओं ने इन चुनावों में एकजुटता के साथ अपना अपना दायित्व निभाया, इसके लिए उन्होंने सभी नेताओं का आभार जताया।
भाजपा ने उतारे राष्ट्रीय व केंद्रीय नेता, मुख्यमंत्री व मंत्री – राठौर
राठौर ने कहा कि इन चुनावों में भाजपा ने अपने राष्ट्रीय नेताओं, केद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व मंत्रियों सहित सभी विधायकों को गली गली तक जाने पर मजबूर किया और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपनाए, जबकि कांग्रेस ने एकजुटता के साथ कार्यकर्ताओं के जोश व दमखम के बल पर सीमित साधनों के साथ पूरे चुनाव प्रचार में प्रभावशाली ढंग से अपना कार्य किया।
