शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि शिमला शहर में स्मार्ट सिटी व अमरूत परियोजना के तहत 900 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित कर कार्य शुरू कर दिए गए हैं। वे रविवार को राजधानी के अन्नाडेल वार्ड में ‘‘आपका विधायक आपके द्वार’’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। भारद्वाज ने इस दौरान वार्ड की जनता की समस्याओं को सुना व अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया। वहीं, शेष समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द निपटारे के आदेश दिए।
सुरेश भारद्वाज ने इस दौरान कहा कि गवाही गांव की सड़क निर्माण का कार्य मई माह तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अनाडेल से सेहर गांव तक एम्बुलैंस रोड का सर्वे सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा किया गया है, जिसकी फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने के उपरांत ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने इस क्षेत्र की जनता के राजकीय उच्च पाठशाला को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्तरोन्नत करने के आग्रह पर कहा कि इसके लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय जनता से स्कूल के लिए स्थान चिन्हित करने व निर्धारित मापदंडों को पूरा करना का आग्रह किया, ताकि स्कूल को स्तरोन्नत किया जा सके।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शमशान घाट के मार्ग को चौड़ा व सुविधाजनक बनाने के विधायक निधि से धन का प्रावधान किया गया है। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को इस मार्ग को जल्द दरूस्त करने बारे आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में 100 गाड़ियों के लिए पार्किग का जल्द निर्माण किया जाएगा, ताकि सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से उत्पन्न समस्या से जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान हिमफैड के अध्यक्ष गणेश दत्त ने इस क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के लिए शहरी विकास मंत्री का आभार प्रकट किया तथा उन्हें जन समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर शिमला भाजपा मंडलाध्यक्ष राजेश शारदा, पार्षद खलीनी वार्ड, पूर्णचंद, पूर्व पार्षद प्रदीप कश्यप, उपमंडलाधिकारी मंजीत शर्मा, अधिशासी अभियंता नगर निगम राजेश ठाकुर, एसजेपीएनएल हरमेश भाटिया व अन्य विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित थे।

