शिमला। हिमाचल में कोरोना वायरस से तीन और मरीजों की मौत हो गई है। प्रदेश के कांगड़ा जिले में दो और ऊना जिले में एक मरीज ने इस वायरस से जूझते हुए दम तोड़ दिया। कांगड़ा जिले में 49 वर्षीय व्यक्ति और 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कोरोना वायरस से मौत हुई है। वहीं, ऊना जिले में 64 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 1035 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 285 नए मामले पाजिटिव आए हैं। कांगड़ा जिले में 95, ऊना में 35, बिलासपुर में 33, हमीरपुर में 32, मंडी में 28, शिमला में 25, सोलन में 16, सिरमौर में 12, कुल्लू में 5 और चंबा जिले में 4 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के कुल 63605 मामले हो चुके हैं। बुधवार को 139 मरीजों ने कोरोना से जंग भी जीती है। अब तक प्रदेश में 59581 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना वायरस के 2973 एक्टिव केस हैं।
