कुल्लू। कुल्लू जिला में पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2020 की प्रक्रिया जोरों पर है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा द्वारा सभी रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पहले ही निर्वाचन की प्रक्रिया को लेकर वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। जिला के सभी उपमण्डलों व विकास खण्डों में विभिन्न चरणों में निर्वाचन की ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुल्लू में सोमवार को कुल्लू विकास खण्ड के लिए प्रथम चरण का अभ्यास करवाया गया। दो दिवसीय अभ्यास के पहले दिन कुल्लू विकास खण्ड की 48 ग्राम पंचायतों के लिए अभ्यास करवाया गया। अभ्यास में 15 सैक्टर अधिकारियों व 50 एआरओ सामाजिक दूरी के नियमों की अनुपालना करते हुए उपस्थित रहे। शेष ग्राम पंचायतों के लिए यह अभ्यास मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।
एसडीएम डाॅ. अमित गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित किए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी डाॅ. जयवंती ठाकुर ने सैक्टर अधिकारियों व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के अलावा खण्ड विकास अधिकारी के स्टाॅफ को निर्वाचन की बारीकियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। एसडीएम ने चुनाव की प्रक्रिया से जुड़े समस्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि निर्वाचन कोई भी हो, किसी महापर्व से कम नहीं होता और प्रत्येक को अपनी जिम्मेवारी का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने चुनावी ड्यूटी के दौरान साथ ले जाने वाली सामग्री के उपयोग के बारे में भी जानकारी प्रदान की। इस मौके पर चुनाव सामग्री भी कर्मचारियों को वितरित की गई।
एसडीएम ने पंचायत प्रधानों, उप-प्रधानों व सदस्यों के नामांकन पत्रों को भरने की प्रक्रिया, नाम वापसी अथवा किस आधार पर अस्वीकार करने हैं, के बारे में विस्तृत प्रकाश डाला। इस बारे उन्होंने एआओ व सैक्टर अधिकारियों की शंकाओं का भी समाधान किया।
डाॅ. गुलेरिया ने कहा कि निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करवाना बूथों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों पर निर्भर करता है। वह किस प्रकार से अपने दायित्व का निर्वहन कर पाते हैं और अपरिहार्य परिस्थितियों में लोगों को समझाने की क्षमता रखते हैं, यह बहुत आवश्यक है।
???????????????????????????????????? 