हमीरपुर। उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने सभी एसडीएम और बीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण का कोई भी मामला सामने आते ही उस व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों को तुरंत चिह्नित करें, ताकि उन सभी लोगों के टैस्ट सुनिश्चित हो सकें। सोमवार शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम और बीएमओ के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पहले ही संक्रमण के मामलों की कान्टेक्ट ट्रेसिंग कर रहे हैं, लेकिन संक्रमित मामलों की संख्या को देखते हुए सभी एसडीएम उपमंडल स्तर पर कान्टेक्ट ट्रेसिंग के लिए कम से कम दो अन्य विभागों के अधिकारियों को भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ तैनात करें।
देवश्वेता बनिक ने बीएमओ से कहा कि आइसोलेशन में रह रहे लोगों को डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी दिन में कम से कम दो बार अवश्य फोन करें। शाम के समय मरीज के साथ डॉक्टर की बातचीत जरूर होनी चाहिए। मरीजों से बातचीत की रिपोर्ट रोजाना शाम पांच बजे तक जिला प्रशासन को भेजें। उपायुक्त ने सभी बीएमओ को अपने-अपने क्षेत्रों के स्वास्थ्य अधिकारियों की मैपिंग करने के निर्देश भी दिए, ताकि आपात परिस्थिति में कोई भी संक्रमित व्यक्ति अगर फोन करता है तो उसकी तुरंत मदद की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 से संबंधित सरकार के सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम उपमंडल स्तर पर कंप्लायंस आफिसर तैनात करें। जिला के नगर निकाय क्षेत्रों के भीड़-भाड़ वाले बाजारों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की रिपोर्ट भी कार्यकारी अधिकारी रोजाना पांच बजे तक प्रेषित करें। देवश्वेता बनिक ने कहा कि कोरोना टैस्ट के लिए स्वयं आगे आने वाले लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जल्द उपयुक्त स्थान निर्धारित करें और इन स्थानों पर सभी आवश्यक प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर जल्द ही रैंडम सैंपलिंग आरंभ की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि अभी लगभग एक हफ्ते तक विवाह समारोहों की अधिकता रहेगी। इन समारोहों से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी एसडीएम और निरीक्षण दस्ते आयोजन स्थलों का दौरा करें तथा इनकी रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित करें। बैठक में एडीएम जितेंद्र सांजटा, एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान, सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
