Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को शिमला के रिज पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य के विकास में वीरभद्र सिंह के योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के एक महान नेता थे जिन्होंने छः बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी। उन्होंने प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और आज हम उनके अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहे हैं।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा एवं चंद्र शेखर, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव जैनब चंदेल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, हिमको फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रम शर्मा तथा अन्य गणमान्यों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। 

वीरभद्र सिंह को आज भी याद करता है हिमाचल, कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत : प्रतिभा सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन हिमाचल प्रदेश और यहां की जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। आज भी प्रदेश के लोग उन्हें उसी सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करते हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह जहां भी जाते थे, लोगों की समस्याओं को सुनते थे और हर वर्ग के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव था। उन्होंने अस्पतालों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और प्रदेश के हर कोने में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। यही कारण है कि उनके निधन के बाद भी लोग उन्हें बड़े सम्मान और प्रेम से याद करते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक समय ऐसा भी आया जब कांग्रेस कठिन दौर से गुजर रही थी, लेकिन वीरभद्र सिंह ने अपने संसाधनों और प्रयासों से पार्टी को संभाला और उसे फिर से मजबूत करने का काम किया। कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता आज भी उस दौर को याद करते हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का प्रदेश के विकास और कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *