तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ी खेप, नकदी भी बरामद
शिमला। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पश्चिम शिमला में इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पेशल सैल शिमला की टीम तारादेवी क्षेत्र में गश्त, यातायात जांच और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में हेरोइन/चिट्टा लेकर शोघी की ओर से शिमला की तरफ आ रहे हैं और इस खेप को स्थानीय युवाओं में बेचने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से कुल 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा वाहन से नकद राशि भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान कर्ण निवासी कलस्टन, शिमला, उम्र 35 वर्ष तथा कर्ण वर्मा निवासी ठियोग, जिला शिमला, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में यह पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस आरोपियों के संभावित नेटवर्क और अन्य तस्करों से जुड़े संबंधों की भी जांच कर रही है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
