Spread the love

प्रसिद्ध स्की ढलान सोलंगनाला में प्रतिभा के जौहर दिखा रहे प्रदेशभर के ढाई सौ खिलाड़ी 

कुल्लू।‌ मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने वीरवार को प्रसिद्ध स्की ढलान सोलंगनाला में दो दिवसीय हिमाचल स्की एंड स्नो बोर्ड चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। स्की ढलान में प्रदेशभर के ढाई सौ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा रहे हैं‌। पहले दिन यहां स्लालम के कई मुकाबले खेले गए। 

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने चैंपियनशिप का शुभारंभ करने के बाद कहा कि सोलंगनाला की ढलान को विकसित किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। सोलंगनाला सहित धुंधी और हामटा में भी स्की स्लोप तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के खिलाड़ी शीतकालीन खेलों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। इससे पहले विधायक भुवनेश्वर गौड के सोलंग नाला पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।

स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के महासचिव रूप चंद नेगी ने शीतकालीन खेलों को ध्यान में रखते हुए सोलंगनाला की ढलानों को विकसित करने का आग्रह किया। रूप चंद नेगी ने बताया कि इस चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वालों का हिमाचल टीम में चयन किया जाएगा। चयनित टीम को नेशनल चैंपियनशिप सहित खेलो इंडिया में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाने का मौका मिलेगा। हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रजत ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को चैंपियनशिप का समापन होगा। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रविश विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, डीएसपी मनाली केडी शर्मा, तहसीलदार अनिल राणा, जिला परिषद कुल्लू के पूर्व उपाध्यक्ष बीर सिंह ठाकुर, पूर्व बीसीसी फतेह चंद, पूर्व प्रधान सिंघी राम ठाकुर, पूर्व प्रधान देवी सिंह ठाकुर सहित हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

अंडर 18 लड़कियों के वर्ग में साक्षी ठाकुर ने झटका स्वर्ण, आंचल ठाकुर का दबदबा बरकरार, ओपन वर्ग में झटका स्वर्ण

पहले दिन आयोजित हुए मुकाबलों में अंडर 18 लड़कियों के वर्ग में साक्षी ठाकुर ने स्वर्ण, संजना ने रजत व कनिका ने कांस्य पदक प्राप्त किया। लड़कों के वर्ग में निशांत ने स्वर्ण, आयुष ने रजत व पुष्कर ने कांस्य पदक हासिल किया।अल्पाइन जाइंट सलालम ओपन महिला वर्ग में आंचल ठाकुर ने स्वर्ण, तनुजा ठाकुर ने रजत व संध्या ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में प्रणव ने स्वर्ण, निखिल ने रजत व योगेश ने कांस्य पदक हासिल किया। लड़कों के अल्पाइन स्कीइंग अंडर 21 में साहिल ने स्वर्ण, जतिन ने रजत व अखिलेश ने कांस्य पदक हासिल किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *