सेब आयात को लेकर फैल रही अफवाहों पर भाजपा नेता चेतन बरागटा ने की स्थिति स्पष्ट
शिमला। भाजपा नेता चेतन बरागटा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेब बागवानों के हितों की रक्षा को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों को लेकर सोशल मीडिया में फैल रही अफवाहों को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, वह निराधार हैं।
चेतन बरागटा ने स्पष्ट किया कि यूरोपीय संघ (ईयू) से आने वाले सेब पर 80 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम आयात मूल्य (एमआईपी) लागू रहेगा, जिसके कारण किसी भी रियायत के बाद भी यूरोपीय सेब की लैंडेड कीमत 96 रुपए प्रति किलो से कम नहीं होगी।
इसी तरह न्यूज़ीलैंड से आने वाले सेब पर और अधिक एमआईपी लागू है, जिससे उनकी लैंडेड कीमत लगभग 140 रुपए प्रति किलो रहती है। ऐसे में न्यूज़ीलैंड के सेब भारतीय बाजार में केवल प्रीमियम श्रेणी में ही बिकते हैं।
चेतन बरागटा ने बताया कि ईयू और न्यूज़ीलैंड से सेब आयात कोटा प्रणाली के तहत सीमित मात्रा में होता है। कई वर्षों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। मौसमी समय सीमा और सेफगार्ड प्रावधान पूरी तरह लागू रहेंगे। उन्होंने ने यह भी स्पष्ट किया कि विदेशी सेब प्रीमियम उपभोक्ताओं के लिए होते हैं और हिमाचली सेब से सीधी प्रतिस्पर्धा नहीं करते।
चेतन बरागटा ने कहा कि आयात शुल्क में कोई भी बदलाव बागवानों की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना नहीं किया गया है। एमआईपी, कोटा और सेफगार्ड जैसे मजबूत प्रावधान पूरी तरह प्रभावी हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि पिछले तीन वर्षों से भाजपा सेब के मुद्दे पर तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस को घेरती रही है और आगे भी हिमाचल के सेब बागवानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
चेतन बरागटा ने सेब बागवानों से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों पर भरोसा रखें, जो पूरी तरह सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ राजनीतिक बयानों के ज़रिए सेब आयात को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों में अनावश्यक चिंता पैदा हो रही है।
इस दौरान कोटखाई-नावर मंडल अध्यक्ष सुन्दर डोगरा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश डोगरा, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा गोपाल जबैईक, जिला सचिव अशोक जस्टा सहित पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा यशवीर जस्टा भी मौजूद रहे।
