कहा – कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर बनाए जा रहे झूठे मामले
शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र कि मोदी सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले गांधी परिवार के खिलाफ केंद्र की भाजपा सरकार लगातार षड्यंत्र रच रही है। उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर झूठे मामले बनाए जा रहे हैं। वे मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
गहलोत ने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार की भी आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका रही है और इस अखबार को पुनर्जीवित करने के लिए कांग्रेस ने प्रयास किया। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड के मामले में 11 साल बाद चार्जशीट करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा अपनी विपक्षी पार्टी को दुश्मन की तरह देख रही है जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार की भाजपा सरकार ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आवाज को दबाने के लिए ईडी सीबीआई का प्रयोग कर झूठे मामले बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में विरासत को बचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का देश की आजादी में योगदान रहा है। ऐसे में नेशनल हेराल्ड मामले में 5 हज़ार करोड़ रुपए के घोटाले के बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा नेशनल हेराल्ड में कोई हितधारक एक रुपए का फायदा भी नहीं उठा सकता है और न किसी ने उठाया है। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉल बॉन्ड मामले में भी यही हुआ था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ यह भाजपा को भूलना नहीं चाहिए। गहलोत ने कहा कि जितने भी भ्रष्टचारी नेता हों, अगर भाजपा में शामिल हो जाए तो वह भाजपा की वाशिंग मशीन में धूल कर साफ हो जाते हैं।
अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में कोई स्थाई नहीं है। नरेंद मोदी भी परमानेंट नहीं है। सत्ता आती है और जाती है, लेकिन इस तरह से विपक्ष की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ जो चार्जशीट पेश की गई है वह मजाक बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि चार्जशीट को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि मोदी सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से राजनीतिक पार्टियों के कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले गांधी परिवार को टारगेट किया जा रहा है।
