Spread the love

ऊना। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। आखिर कब तक कांग्रेस अपने तुष्टिकरण की राजनीति के लिए हमारी बहन बेटियों का गला रेतने वालों, देश को टुकड़े-टुकड़े करने वालों और आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के साथ खड़ी रहेगी? देश अब इनकी सोच से वाकिफ हो चुका है, इसीलिए इन लोकसभा चुनावों के बाद एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी और एनडीए 400 से ज्यादा सीटें लाकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी, वहीं, कांग्रेस 40 से कम सीटों पर सिमट जाएगी। वे रविवार को गगरेट विधानसभा क्षेत्र के मुबारिकपुर और कलोह में आयोजित स्वागत सभा और एससी मोर्चा सम्मेलनों में बोल रहे थे।

 अनुराग ठाकुर ने कहा, “जब राहुल गांधी को नॉर्थ इंडिया ने नकार दिया, तब वे साउथ जाकर एसडीपीआई और पीएफआई जैसे संगठनों का सहयोग ले रहे हैं जो देश के खिलाफ और आतंकवादी एजेंडा चलातीं है। हद तो तब हो गई जब कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के एक काउंसलर की बेटी की बेरहमी से गला रेत कर हत्या कर देने वाले लड़के को बचाकर पूरे प्रकरण पर पर्दा डाला जा रहा है क्योंकि कांग्रेस को एक विशेष समुदाय का वोट लेना है। यह तुष्टीकरण की राजनीति कहां तक जाएगी? इन्होंने तो भारत के टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगाने वाले को लोकसभा का उम्मीदवार बना दिया है। तो आखिर यह भारत को टुकड़ों में बांटने वाली सोच कहां तक जाएगी? कांग्रेस और उसके साथी बम ब्लास्ट करने वालों और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों को संरक्षण देते हैं। ये लोग रक्षा सौदों से लेकर खेल के सामान खरीद में भी दलाली कर सकते हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की सोच को देश विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा से देश विरोधी सोच रखती है। इन्होंने रक्षा सौदों में कई घोटाले किए हैं। जीप घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, बोफोर्स घोटाला, सबमरीन घोटाला इत्यादि कुछ नाम मात्र हैं। अब यही कांग्रेस और उनके सहयोगी भारत के न्युक्लियर हथियारों को खत्म करने की वकालत कर रहे हैं। और ऐसा तब जब दुनिया के विभिन्न हिस्सों में युद्ध जैसे हालात हैं। ऐसे में भारत को और मजबूत बनाने की बात होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस देश को कमजोर करने की बात कर रही है। इनके तो बयान भी उन विदेशी लोगों से मिलते हैं जो भारत को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने कई हजार एकड़ भारतीय जमीन चीन को दे दी। इंदिरा गांधी के समय पाक अधिकृत कश्मीर बना। 90000 पाकिस्तानी सैनिक हमारे कैद में थे इन्होंने कुछ नहीं किया। इन्होंने 1974 में कच्चतीवु द्वीप श्रीलंका को दे दिया। इससे पता चलता है कि कांग्रेस हमेशा से भारत के टुकड़े-टुकड़े करने वाली सोच रखती है।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, ” पीएम मोदी ने पिछले 10 वर्षों में भारत को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया है। आज जरूरतमंदों के पास मकान, बिजली, शौचालय, पानी, अनाज, गैस सिलेंडर और मुफ्त इलाज है। कांग्रेस जो 60 वर्षों में ना कर सकी वह मोदी जी ने 10 वर्षों में किया है। आज जहां-जहां विपक्ष की सरकारें हैं वहां उनकी सभी गरंटियां फेल हैं। आज देश के लोगों को भरोसा सिर्फ और सिर्फ मोदी की गारंटी पर है क्योंकि मोदी जी ने जो कहा, वह किया है। मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी है। मोदी जी के जीवन का पल-पल देश और देशवासियों के नाम है।”

अनुराग ने विपक्ष से पूछा, आखिर उन्हें क्यों चुभता है भगवा रंग 

 अनुराग ठाकुर ने दूरदर्शन के ‘लोगो’ को भगवा रंग दिए जाने के ऊपर आम जनता से पूछा कि क्या भगवा रंग आपको चुभता है? जनता ने एक स्वर में इसका उत्तर ना में दिया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आखिर विपक्ष को भगवा रंग से इतनी दिक्कत क्यों है? आखिर भगवा रंग कांग्रेस और उसके सहयोगियों की आंखों में इतना क्यों चुभता है? आखिर भगवा रंग का विरोध क्यों है? यह विरोध ठीक उसी प्रकार है जैसे धारा 370 हटाने से पहले लाल चौक पर तिरंगे का विरोध होता था। लेकिन कांग्रेसियों को पता नहीं है कि जिस प्रकार तिरंगे में 140 करोड़ भारतवासियों को एकजुट करने की ताकत है वैसे ही भगवे में भी पूरे हिंदुस्तानियों को एकजुट करने की ताकत है। 500 वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर के निर्माण से आज पूरा भारत एकजुट है। आज भारत और सनातन के सभी तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व विकास हो रहा है और लोगों में जागृति आ रही है।”

हिमाचल और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में किए विकास कार्य गिनवाए अनुराग ठाकुर ने 

अनुराग ठाकुर ने आगे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश में किए गए विकास कार्यों के बारे में बताते हुए कहा, “विकास का दूसरा नाम भारतीय जनता पार्टी है। स्वां चैनेलाइजेशन का कार्य भारतीय जनता पार्टी ने किया। पूरे क्षेत्र में पुल निर्माण में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। 500 करोड़ की लागत से एथेनॉल प्लांट बनाया जा रहा है। इससे किसान भी संपन्न होगा और आम आदमी को भी सस्ते दाम पर पेट्रोल उपलब्ध होगा। बिलासपुर लेह रेलवे लाइन मोदी सरकार ने बनाया, बिलासपुर का कार्य तेजी से हो रहा है। हमने नंगल ऊना कलवाड़ा का अल्टरनेटिव रूट बनाया। हमने दौलतपुर चौक तक ट्रेन पहुंचा दी और वॉशिंग लाइन भी बनवा रहे हैं। पहले जो ट्रेनें सिर्फ नंगल तक आती थीं अब वह दौलतपुर चौक तक आएंगी और आगे हम कई ट्रेनें चंडीगढ़ से भी यहां तक ले आएंगे। हमने आपकी मांग पर हरिद्वार, खाटू श्याम, आगरा, ग्वालियर, इंदौर, महाकाल लोक, मथुरा, वृंदावन, नांदेड साहब, कोलकाता और दिल्ली इत्यादि के लिए सीधी ट्रेनें ऊना से चलवा दी हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज राम मंदिर, ट्रिपल तलाक, सीएए का विरोध करने वालों और हिंदुओं को अपमानित करने की सोच रखने वालों को डर लग रहा है। आज सनातन को खत्म करने की बात करने वाले लोग एक राज्य में हैं। उन्हें यह नहीं पता है कि ऐसी ही बातें मुगल, अंग्रेज और कई अन्य आक्रमणकारी करते थे। वह आए और चले गए पर सनातन था, है और रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *