शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। इस क्रम में शनिवार को तीन और मरीजों की इस संक्रमण से मौत हुई है। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण से अब 27 लोगों की मौत हो चुकी है। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की एक 75 वर्षीय महिला ने शनिवार तड़के दम तोड़ दिया। सोलन जिले के बद्दी के गांव भुड्ड से कोरोना संक्रमित यह महिला 20 अगस्त को आईजीएमसी रेफर हुई थी। महिला को सांस की समस्या थी, जिसके चलते हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया था।वहीं, कांगड़ा के 55 वर्षीय एक व्यक्ति की नालागढ़ में इस रोग से मौत हुई है। उक्त संक्रमित व्यक्ति को छाती में दर्द होने के कारण नालागढ़ अस्पताल लाया गया था और वहां उसकी मौत हो गई। यह नालागढ़ में एक उद्योग में काम करता था। इसकी मौत के बाद कोरोना जांच हुई तो यह पाजिचिव पाया गया। वहीं, नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। इसकी मौत के बाद कोरोना संक्रमण जांच की गई और रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
