Spread the love
शिमला। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा 25 सितंबर को विधानसभा का घेराव करेगी। यह विरोध प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में किया जाएगा। इस दौरान भाजपा चौड़ा मैदान से विधानसभा तक विरोध प्रदर्शन करेगी और धरना देगी। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को विधानसभा में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से असफल साबित हुई है। सरकार ने अपने दस महीने के कार्यकाल में जन अपेक्षाओं के खिलाफ काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को नए संस्थान खोलने चाहिए थे और प्रदेश के विकास को गति देनी चाहिए थी। लेकिन सरकार ने पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए 1000 से ज्यादा संस्थानों को बंद करने का काम किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था आउट ऑफ कंट्रोल हो गई है। यहां पर दुष्कर्म और हत्या के मामले हर दिन बढ़ते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार मामले ने प्रदेश को पूरी तरह से शर्मसार कर दिया। उसके बाल काटे गए और मुहं काला किया गया। डॉ. बिंदल ने सरकार को गारंटी के मामले पर भी घेरा और कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनमानस के साथ कई तरह के वादे करके सत्ता में आई, लेकिन आज उन वादों और गारंटियों का कहीं कोई पता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन आज दस महीने बीत जाने के बाद एक भी बेरोजगार को यह सरकार नौकरी नहीं दे पाई है।
दस महीने के कार्यकाल में अव्यवस्था का दौर जारी- जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के दस महीने के कार्यकाल में अव्यवस्था का दौर जारी है। लोगों को महंगाई से राहत देने की बात करने वाली कांग्रेस ने लोगों को महंगाई के बोझ में दबा रही है। उन्होंने कहा कि पहले डीजल की कीमतों को बढाया गया, अब सीमेंट के रेट बढाए। वहीं, सरकार स्टांप ड्यूटी को दस गुणा ज्यादा बढ़ाने जा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा में अगर केंद्र से मदद नहीं मिलती तो आज यहां की परिस्थितियां कुछ और ही होती। उन्होंने कहा कि प्रभावितों की सूची तैयार की गई। इसमें भी भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन सरकार इसमें भी अवसर तलाश रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया कि सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों के चलते सदन के अंदर और बाहर घेरा जाए। इसके लिए भाजपा 25 सितंबर को विधानसभा के घेराव करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *