शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ने शनिवार को विधानसभा परिसर के बाहर केंद्र सरकार की सेना भर्ती की नई अग्निपथ योजना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा गेट से डीसी कार्यालय तक रोष रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। डीसी आफिस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सेना में पूरे समय के लिए भर्ती की जाए। उन्होंने कहा कि मात्र चार साल के लिए अग्निपथ के नाम से सेना में यह भर्ती युवाओं के साथ एक बड़ा धोखा है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस देश के युवाओं के साथ खड़ी है।
इस प्रदर्शन में विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू, अनिरुद सिंह, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, भवानी सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, पूर्व विधायक आदर्श सूद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई पदधाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
