शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हुए कथित घोटाले पर अप ब्लाक स्तर पर आंदोलन करेगी। कांग्रेस 20 से 27 जून तक ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर इन घोटालों की न्यायिक जांच की मांग करेगी और इसको लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यहां प्रेस कांफ्रेंस कर इसका ऐलान किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में जयराम सरकार के कार्यकाल में अब तक हुई दवाओं और उपकरणों की खरीद पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस को स्वास्थ्य विभाग की भाजपा सरकार द्वारा करवाई जा रही जांच मंजूर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विजिलेंस से जांच करवाकर स्वास्थ्य घोटाले पर लीपापोती करना चाहती है। इसलिए कांग्रेस की मांग है कि सही जांच हो और वह तभी हो सकती है जब सारे मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जाए।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने कोरोना संकट के दौरान किसी से भी एक पैसा नहीं लिया है और अपने स्तर पर पार्टी के पदाधिकारियों ने गरीबों तथा जरूरतमंदों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार दिए जा रहे बयान स्वास्थ्य विभाग में हुए कखित घोटालों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। राठौर ने मुख्यमंत्री से उस पत्र को सार्वजनिक करने के भी कहा, जिस पर वह बार-बार कह रहे हैं कि कांग्रेस ने 12 करोड़ रुपए से अधिक का बिल कोरोना संकट के समय खर्च किया और बिल कांग्रेस हाईकमान को भेजा है।
कुलदीप राठौर ने बेकाबू हो चुकी कोरोना महामारी के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कोरोना के कारण ठप्प पड़ी आर्थिक गतिविधियों को फिर से पटरी पर लाने के लिए एक कमेटी गठित की थी और उसकी सिफारिशों को जल्द मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। उन्होंने राज्य में खुले कोल्ड स्टोर में बागवानों के सेब को रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर की सब्जी मंडियों में सेब की बिक्री के लिए देखे। उन्होंने बाहरी राज्यों से आने वाले आढ़तियों के लिए कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही लाने कहा। राठौर ने कहा कि सरकार ने अभी तक कई बागबानों को एमआईएस के तहत खरीदे गए सेब का भुगतान नहीं किया है। उन्होंने तुरंत ही एमआईएस के तहत बागवानों से खरीदे सेब का भुगतान करने की मांग की।
बिना क्वारंटाइन के सीधे बागीचे में न भेजे जायें मजदूर
राठौर ने कहा कि सेब सीजन के लिए बाहर से आने वाले मजदूरों को बिना क्वारंटाइन के सीधे बगीचों में भेजने पर कड़ा एतराज बताया। उन्होंन कहा कि सरकार को कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा पालन करने के बाद ही आगे भेजना चाहिए। ऐसा न किया तो प्रदेश में कोरोना बेकाबू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कोविड पास को लेकर पर दोहरे मापदंड अपना रही है। एक कानून आम जनता के लिए है, जबकि दूसरा भाजपा के लिए।
राहुल गांधी के जन्मदिन पर ब्लाकों में गरीबों को बांटा जाएगा राशन, शिमला में लगेगा रक्तदान शिविर
राठौर ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर 19 जून को राज्य के सभी ब्लाकों में गरीबों और जरूरतमंदों को राशन उपलब्ध करवाएंगे। साथ ही उस दिन कम्युनिटि किचन चलाया जाएगा। उस दिन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। साथ ही उस दिन कोरोना वारियर्स सफाई कर्मियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
