Spread the love

बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने पूरी तैयारी कर रखी है। उन्होंने लोगों से कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इससे बचने के लिए सही ढंग से मास्क पहने, बार-बार हाथ धोएं तथा उचित दो गज की दूरी बनाए रखें। उन्होंने बताया कि पहली और दूसरी डोज में देश भर में प्रदेश ने पहला स्थान प्राप्त करते हुए अब 15 से 18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण करने में भी हिमाचल अग्रणी स्थान पर है जोकि हिमाचल के लिए गर्व की बात है। वे शुक्रवार को घुमारवीं के दाबला के अंबु हेठ में लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान बोल रहे थे। 
गर्ग ने कहा कि कोरोना काल की कठिन परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास की गति को रूकने नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सरकार ने अपनी अहम भूमिका निभाई तथा पूरे समाज व पंचायती राज प्रतिनिधियों का इस लड़ाई में भरपूर योगदान रहा है। कोरोना काल में सरकार के द्वारा हर वर्ग के लोगों को आवश्यक मदद की गई है। बाहर से आए मजदूरों को राशन उपलब्ध हो सके, उसके लिए एक राष्ट्र एक राशन कार्ड की व्यवस्था लागू की गई। हिमाचल प्रदेश में सबसे पहले यह व्यवस्था कर दी गई थी, जिससे प्रदेश सरकार की गरीबों के प्रति संवेदनशीलता परिलक्षित होती है। 
मंत्री ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकार द्वारा कोरोना की चुनौती को अवसर में बदलने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए जहां प्रदेश में कोरोना महामारी से पहले दो ऑक्सीजन प्लांट थे वहां वर्तमान में 48 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए पूरे प्रदेश के अस्पतालों में 10 हजार से ज्यादा बिस्तरों की व्यवस्था की गई है तथा वर्तमान में 1000 वेटीलेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।  
राजिंद्र गर्ग ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत सतलुज नदी से 53 करोड़ रुपए की लागत से बन रही महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के पूरे होने पर क्षेत्र में अनेक पेयजल योजनाओं को भरपूर मात्रा में पेयजल उपलब्ध होगा और पूरे क्षेत्र में पेयजल की समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने दाबला पंचायत के अंबु हेठ गांव के लोगों की सड़क की मांग पर कहा कि इस गांव के लिए सड़क की नितांत आवश्यकता है तथा उन्होंने अंबु हेठ गांव के लिए शीघ्र ही सड़क के निर्माण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बाडी मझेडवां प्रधान पंकज चंदेल, बूथ अध्यक्ष रत्न लाल, समाज सेवा एवं पूर्व सैनिक राम स्वरूप, जन कल्याण विकासात्मक समिति अध्यक्ष सोहन लाल, उप प्रधान ग्राम पंचायत कोठी बिट्टु, पूर्व प्रधान शंकर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज पूरी, सहायक अभियंता विद्युत नरेश रणौत, बीडीओ स्पर्श शर्मा, अधिवक्ता विकास कुमार शर्मा, सूबेदार नंद लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *