Spread the love

शिमला। हिमाचल की आर्थिकी में अहम रोल अदा करने वाले सेब को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीति शुरू हो गई है। सेब के दामों में आई भारी गिरावट के बाद इसका समाधान निकालने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। विपक्षी कांग्रेस द्वारा इस मामले पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करने के बाद भाजपा ने भी पलटवार किया है। 

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता कर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सेब पर राजनीति कर रही और बागवानों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा सेब के दाम गिरने को लेकर लगाए जा रहे सारे आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सेब बागवानों की हितैषी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने 5 साल में केवल 50 पैसे सेब समर्थन मूल्य बढ़ाया, लेकिन भाजपा सरकार ने 2.50 रुपए बढ़ाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल जुब्बल-कोटखाई विधानसभा और मंडी लोकसभा सीट के उपचुनावों को देखते हुए उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को नकारा और कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं वे सभी तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सशक्त नेतृत्व वाला राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद केवल गांधी परिवार के लिए आरक्षित है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेता मेहनत ने बनता है, लेकिन कांग्रेस में परिवार से। 

रणधीर शर्मा ने कहा कि ए ग्रेड सेब के दाम अच्छे मिल रहे हैं और केवल दागी सेब के दाम कम हैं। उन्होंने कहा कि यह पहले से आई प्रथा है और कांग्रेस इसे अब मुद्दा बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धि से बौखला कर इस प्रकार की नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यक्रम में जिस प्रकार से जनता की भीड़ आ रही है, उससे कांग्रेस घबराई हुई है।

भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल को पूरे देश में सौ प्रतिशत वैक्सीनशन लगाने पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है और इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य इतना सरल नहीं था, जितना दिखता है। उनका कहना था कि कठिन भगौलिक परिस्थितियों में इस विशेष अभियान को पूरा किया गया। आज प्रदेश में कोरोना वेक्सीन की 5506026 पहली डोज़ लग चुकी है और 1762433 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।शर्मा ने कहा कि 6 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल की इस बड़ी उपलब्धि को लेकर जनता से संवाद करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर फ्रंटलाइन वर्कर्स व वैक्सीन लगाने वाले लोगों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा उस दिन हर विधानसभा क्षेत्र में 2-2 कार्यक्रमो का आयोजन करेगी, जिसमें बड़ी स्क्रीन लगाकर जनता नरेंद्र मोदी के संवाद को सुन सकेगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय सूद एवं सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा भी मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *