शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि भाजपा देश व प्रदेश का इतिहास बदलने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नए पाठ्यक्रमों में अपने राजनैतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है, जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस के युवा क्रांति बुनियादी प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन स्टेट पॉलीटिकल इश्यु एंड रूल्स विषय पर बोलते हुए राठौर ने कहा कि देश आज गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। आज देश में बढ़ती महंगाई और बेरोज़गारी से लोग विशेषकर युवा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री ने देश को 20 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज दिया था, उससे राज्यों को क्या मिला और यह कहां खर्च हुआ, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में कितना पैसा आया और कितना गया, इसकी भी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ता जा रहा है। उसे बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।
कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार ने अभी हाल ही में 25 जनवरी को सरकार ने प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इसमें देश व प्रदेश के उन नेताओं को याद तक नहीं किया, जिनके प्रयासों से हिमाचल पूर्ण राज्य बना था। उन्होंने कहा कि इतिहास को झुठलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नेता तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कभी नहीं भूला सकती, जिन्होंने स्वयं शिमला आकर इस ऐतिहासिक दिन की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के प्रयासों से हिमाचल पूर्ण राज्य बना। बाद में ठाकुर रामलाल ने और फिर छह बार इस प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह ने इस पहाड़ी राज्य को संवारा। आज प्रदेश पहाड़ी राज्यों में एक आदर्श राज्य के तौर पर जाना जाता है। इसके विकास में भाजपा का कोई भी योगदान नहीं है।
राठौर ने कहा कि इस बार प्रदेश भाजपा सरकार ने अपने इस आयोजन के लिए करोड़ों खर्च किए। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री को विशेष न्यौता दिया गया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद यहां इस समारोह के लिए पहुंचे थे। इस समारोह में अमित शाह के न आने और उनके वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा शामिल होने की बात खुद इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कही, लेकिन अमित शाह इसमें भी शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने पांच मिनट भी इसमें शामिल होना उचित नहीं समझा।
कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में भारी अंतर है। लोगों को गुमराह करना इसकी पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि इन 50 सालों में कांग्रेस ने देश व प्रदेश में विकास के जो आयाम स्थापित किये हैं, आज उसी की बदौलत हम अन्य देशों के मुकाबले में खड़े हैं। इस दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमरजीत सिंह लाली, ट्रेनिंग विभाग के प्रभारी सीताराम लांबा, पूर्व विधायक चौधरी राम कुमार, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन कटोच के साथ-साथ युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी व कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, उपाध्यक्ष अमित पठानिया विशेष तौर पर अन्यों के अतिरिक्त उपस्थित थे।
