शिमला। हिमाचल में आज कोरोना वायरस से दो मरीजों की मौत हुई हैं। ये मौतें कांगड़ा और ऊना जिलों में हुई हैं। कांगड़ा जिले में 61 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, ऊना जिले में 50 वर्षीय मरीज ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक कुल 964 मरीजों की मौत हो चुकी है।
इस बीच, प्रदेश में विद्यार्थियों के स्कूल आने से पहले ही शिक्षक कोरोना पाजिटिव आने लगे हैं। मंडी जिले में शनिवार को 38 शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बीते दिन भी जिले में दो शिक्षक पॉजिटिव पाए गए थे। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूल पहली फरवरी से खुल रहे हैं। उस दिन से पांचवी, आठवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं लगेंगी। लेकिन शिक्षकों के कोरोना पाजिटिव आने के बाद अभिभावकों में खौफ पैदा हो गया है।
उधर, आज राज्य में कोरोना संक्रमण के 94 नए मामले पाजिटिव आए। मंडी जिले में 44, किन्नौर में 19, कांगड़ा में 14, शिमला में 7, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में 3-3 और बिलासपुर जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 57494 पहुंच गई है। इस वायरस से अब तक 56131 मरीज ठीक हो चुके हैं। शनिवार को 52 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के अब 383 एक्टिव केस हैं।
